शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Snowfall occurred in Uttarakhand's Mussoorie
Last Updated : शुक्रवार, 5 फ़रवरी 2021 (10:11 IST)

मसूरी में भारी बर्फबारी, बर्फ से ढंकीं चोटियां, सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

मसूरी में भारी बर्फबारी, बर्फ से ढंकीं चोटियां, सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन - Snowfall occurred in Uttarakhand's Mussoorie
देहरादून। गुरुवार को उत्तराखंड के मसूरी में बर्फबारी हुई। हालांकि बारिश की वजह से बर्फ ज्यादा देर नहीं टिक सकी। धनोल्टी, चकराता में ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढंक गईं। पर्यटक यहां पहुंचकर बर्फबारी का लुत्फ उठाते दिखे। देहरादून में बारिश और सर्द हवाओं की वजह से ठिठुरन बढ़ गई है। धनोल्टी इलाके में अच्छी बर्फबारी हुई, जबकि मसूरी में बारिश की वजह से बर्फ के नहीं टिक पाने से पर्यटकों और होटल कारोबारियों को निराश किया।

मसूरी के लाल टिब्बा में सुबह से लेकर दोपहर दो बजे तक रुक-रुक कर बर्फबारी होती रही। लेकिन बर्फ जमीन पर नहीं टिक पाई।  केवल पेड़ों पर ही टिकी नजर आई। दो बजे के बाद हल्की धूप भी खिली। वही सुरकंडा, धनोल्टी और नाग टिब्बा की ऊंची पहाड़ियां बर्फ से ढंक गई हैं। बर्फ गिरने की सूचना के बाद काफी संख्या में पर्यटक धनोल्टी पहुंचे।

बुरांसखंडा, तुरतुरिया व धनोल्टी में पर्यटकों ने बर्फबारी का जमकर लुत्‍फ उठाया। धनोल्टी में पांच से छह इंच तक बर्फ गिर गई है।चकराता क्षेत्र में बर्फबारी शुरू हुई। ऊंचाई वाले इलाकों लोखंडी, देवबन, खडम्बा, मोयला, टॉप व्यास शिखर आदि में छह इंच तक बर्फ जम चुकी है। चकराता छावनी बाजार व आसपास के इलाकों में एक से तीन इंच बर्फ जमी है।

बर्फबारी से क्षेत्र के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान चार और न्यूनतम माइनस एक दर्ज किया गया। यहां पर कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।उत्तराखंड में मौसम विभाग की ओर से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी करके दून और नैनीताल जिले में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है

2200 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में अच्छी बर्फबारी के आसार भी बताए गए हैं उत्तराखंड मौसम निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, शुक्रवार को मौसम गुरुवार की तरह ही रहने की संभावना है। इस बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी।

ऊंचाई वाले इलाकों में अच्छी बर्फ मिल सकती है, वहीं मैदानी इलाकों में बारिश से तापमान में गिरावट होगी। आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस और प्रशासन को सतर्क रहने के लिए कहा गया है, क्योंकि इस दौरान सड़कें जाम एवं बर्फबारी से फिसलन हो सकती है।