• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Odisha woman cricketer's body found hanging
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 13 जनवरी 2023 (16:22 IST)

ओडिशा की महिला क्रिकेटर का शव कटक के पास जंगल में फांसी पर लटका मिला

ओडिशा की महिला क्रिकेटर का शव कटक के पास जंगल में फांसी पर लटका मिला - Odisha woman cricketer's body found hanging
भुवनेश्वर। ओडिशा की महिला क्रिकेटर राजश्री स्वांई 11 जनवरी से लापता थी और उनका शव शुक्रवार को कटक के करीब घने जंगल में मिला। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। कटक के पुलिस उपायुक्त पिनाक मिश्रा ने कहा कि उनका शव अथागढ़ क्षेत्र में गुरुदिझाटिया जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ मिला था।
 
राजश्री के कोच ने गुरुवार को कटक में मंगलाबाग पुलिस थाने में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि गुरुदिझाटिया पुलिस स्टेशन में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया जाएगा।
 
पुलिस को अभी तक उनकी मौत के कारण का पता नहीं चला है। उनके परिवार ने हालांकि आरोप लगाया कि उसकी हत्या की गई है, क्योंकि उसके शरीर पर चोट के निशान थे और उसकी आंखों को भी नुकसान पहुंचाया गया था। राजश्री का स्कूटर जंगल के करीब मिला था और उनका मोबाइल फोन भी बंद था। पुलिस ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी।
 
उनके परिवार के सदस्यों ने कहा कि राजश्री सहित करीब 25 महिला क्रिकेटर ओडिशा क्रिकेट संघ (ओसीए) द्वारा बाजराकाबाटी क्षेत्र में आयोजित ट्रेनिंग शिविर का हिस्सा थीं, जो पुडुचेरी में होने वाले आगामी राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए था। सभी एक होटल में ठहरी हुई थीं।
 
ओडिशा राज्य महिला क्रिकेट टीम की घोषणा 10 जनवरी को की गई थी लेकिन राजश्री अंतिम सूची में शामिल नहीं थी। पुलिस ने कहा कि अगले दिन खिलाड़ी अभ्यास के लिए तांगी क्षेत्र में क्रिकेट मैदान में गईं लेकिन राजश्री ने अपने कोच को बताया कि वह अपने पिता से मिलने के लिए पुरी जा रही हैं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
महिलाओं के पहले U19 T20 World Cup में भारत सीनियर टीम की ओपनर शेफाली वर्मा की अगुवाई में उतरेगा मैदान पर