बिहार के गया में जदयू नेता की गोली मारकर हत्या
बिहार के गया जिले में जदयू के स्थानीय नेता महेश मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई
Bihar JDU leader murder : बिहार के गया जिले में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के स्थानीय नेता महेश मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मिश्रा बेलागंज थाना क्षेत्र के चिरैला पंचायत के उपमुखिया और जदयू प्रखंड सचिव थे।
पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि अब तक की छानबीन से पता चला है कि मिश्रा का जमीन को लेकर अपने रिश्तेदार से विवाद था और वह बुधवार रात एक भोज में शामिल होने गए थे, तभी घात लगाए बदमाशों ने उन पर गोलीबारी कर दी।
गया पुलिस की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, 5 फरवरी की रात को बेलागंज थाने को सूचना मिली कि चुलीहारा बीघा गांव में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है, जिसके बाद थानाध्यक्ष तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बयान में कहा गया है कि वारदात के सिलसिले में चुलीहारा बीघा गांव निवासी कामता मिश्रा, सुधीर मिश्रा और रणधीर मिश्रा को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने दावा किया कि गिरफ्तार आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उनका महेश मिश्रा के साथ विवाद था, जिसके लेकर बुधवार को दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ और उन्होंने जदयू नेता को गोली मार दी।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें