मंगलवार, 2 जुलाई 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. House collapses due to cloudburst in Himachal Pradesh
Written By
Last Modified: नाहन (हिमाचल प्रदेश) , शुक्रवार, 11 अगस्त 2023 (01:25 IST)

हिमाचल में बादल फटने से मकान ढहा, मलबे में फंसे कई लोग, 2 शव बरामद

हिमाचल में बादल फटने से मकान ढहा, मलबे में फंसे कई लोग, 2 शव बरामद - House collapses due to cloudburst in Himachal Pradesh
Himachal Pradesh News : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बादल फटने से एक गांव में पानी घुस जाने के बाद एक मकान ढह गया, जिसके मलबे में फंसे एक परिवार के 5 लोगों में से 2 के शवों को गुरुवार को बरामद कर लिया गया। मौके पर भारी मात्रा में कीचड़ जमा है, लगातार पानी बह रहा है और भारी मलबा एकत्र हो गया है। बचाव अभियान जारी है।
 
अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि बुधवार रात को बादल फटने की यह घटना जिले के पोंटा साहिब क्षेत्र में हुई। उन्होंने बताया कि मलागी दादियात गांव के कई घरों में पानी घुसने और तीन मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सचूना प्राप्त हुई है।
 
अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक घर ढह गया, जिसके मलबे में एक ही परिवार के पांच लोगों के दबे होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि दो शवों को बरामद कर लिया गया है। मृतकों की पहचान कुलदीप (62) और नीतिश (10) के रूप में हुई है।
 
पोंटा उपसंभागीय मजिस्ट्रेट गुंजीत सिंह चीमा ने बताया कि परिवार के तीन अन्य सदस्यों के लिए खोज अभियान चल रहा है। उन्होंने बताया कि मौके पर भारी मात्रा में कीचड़ जमा है, लगातार पानी बह रहा है और भारी मलबा एकत्र हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि तेज रफ्तार में आता हुआ कीचड़ मकान को ढहने के बाद 20 मीटर तक अपने साथ बहा ले गया।
 
राज्य के आपातकालीन केंद्र की ओर से बताया गया कि मलागी दादियात में संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है और लोक निर्माण विभाग में काम करने वाले कुलदीप सिंह का घर ढह गया। अधिकारियों ने बताया कि मलबे में कुलदीप सिंह, उनकी पत्नी जीतो देवी समेत पांच लोगों के फंसे होने की आशंका है। बचाव अभियान जारी है।
 
बादल फटने के बाद पोंटा को शल्लाई से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-707 का एक हिस्सा अवरुद्ध हो गया, जिसके कारण प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को प्रभावित गांव तक पहुंचने में मुश्किलें आ रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि राजबन और सतौन के बीच भी सड़क अवरुद्ध हो गई है और गिरि नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
 
उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के लिए प्रशासन ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) से भी मदद मांगी है। मानसून की शुरुआत के बाद से अब तक राज्य में बारिश संबंधी दुर्घटनाओं में 231 लोगों की जान जा चुकी है। आपातकालीन केंद्र के अनुसार, राज्य को करीब 6,731 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है और अब भी करीब 190 सड़कें बंद हैं।
 
स्थानीय मौसम कार्यालय ने गुरुवार और रविवार के लिए भारी बारिश का ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। साथ ही 15 अगस्त तक क्षेत्र में बारिश की संभावना जताई है। स्थानीय मौसम कार्यालय ने भूस्खलन होने, बाढ़ आने, नदियों और नालों में जलस्तर बढ़ने को लेकर भी आगाह किया है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
ये भी पढ़ें
महाराष्ट्र : बार में कीं अश्लील हरकतें, 22 महिला वेटर समेत 34 लोगों पर केस