गुजरात विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, विधायकों को सुरक्षित बाहर निकाला, पुलिस का बड़ा खुलासा
गुजरात विधानसभा को आज तड़के ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे राज्य के सुरक्षा और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया। सुबह 8:30 बजे विधानसभा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर अंग्रेजी में प्राप्त हुए इस मेल में दोपहर 2 बजे विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुबह 9 बजे शुरू होने वाली विधानसभा की बैठक तुरंत स्थगित कर दी गई और एहतियात के तौर पर सभी विधायकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सर्च ऑपरेशन जारी
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस प्रमुख रवितेजा वासमशेट्टी के मार्गदर्शन में सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी विधानसभा परिसर की घेराबंदी कर दी। बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) की 3 टीमों ने आधुनिक उपकरणों के साथ इमारत के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले की जांच पिछली धमकियों के साथ जोड़कर भी की जा रही है और जब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिल जाती, तब तक सर्च ऑपरेशन जारी रखने के निर्देश दिए गए।
ईमेल के स्रोत और आईपी एड्रेस को ट्रैक करने का काम शुरू
इस धमकी के कारण विधानसभा की आज की महत्वपूर्ण कार्यवाही में भारी बाधा आई और सभी विधायकों को छुट्टी दे दी गई। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के इलाकों में भी चेकिंग कड़ी कर दी गई है। साइबर क्राइम विभाग द्वारा इस ईमेल के स्रोत और आईपी एड्रेस को ट्रैक करने का काम शुरू कर दिया गया है, ताकि इस तरह का भय पैदा करने वाले तत्वों तक पहुंचा जा सके।
सभी सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट
वर्तमान में पुलिस प्रशासन द्वारा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई गई है, फिर भी सावधानी के तौर पर विधानसभा और उसके आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस इस मामले में और विवरण साझा करेगी, लेकिन फिलहाल सभी सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और आगंतुकों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
Edited By : Chetan Gour
Edited By : Chetan Gour

