शुक्रवार, 7 फ़रवरी 2025
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Firing on LOC in Poonch
Written By
Last Updated : रविवार, 6 नवंबर 2016 (21:21 IST)

पाकिस्तान ने किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, 2 जवान शहीद

पाकिस्तान ने किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, 2 जवान शहीद - Firing on LOC in Poonch
जम्मू। पुंछ जिले में कृष्णा घाटी और पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में सेना के दो जवान शहीद हो गए और पांच अन्य जख्मी हो गए। जख्मी होने वाले में दो सैनिक, दो महिलाएं और बीएसएफ का एक अधिकारी शामिल है।
 
 
 
 
सेना के एक अधिकारी ने कहा कि कृष्णा घाटी में पाकिस्तानी सेना ने घुसपैठ कराने के दो प्रयास के तहत गोलीबारी की जिसमें एक जवान शहीद हो गया। उन्होंने कहा कि घुसपैठ कराने का प्रयास विफल कर दिया गया।
 
पुंछ सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों ने कम से कम चार स्थानों पर बेतरतीब गोलीबारी की जिसमें उन्होंने नागरिक ठिकाने, सुरक्षा प्रतिष्ठानों और नागरिक इलाकों को निशाना बनाया। अधिकारी ने बताया कि पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान की गोलीबारी में एक जवान शहीद हो गया और अंतिम रिपोर्ट आने तक गोलीबारी जारी रही।
 
भारतीय सेना ने कहा कि हालांकि घुसपैठ के प्रयास को विफल कर दिया गया लेकिन पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तानी चौकियों को भारी नुकसान पहुंचाया गया है।
 
अधिकारी ने कहा, ‘घुसपैठ का प्रयास विफल करने के तहत कृष्णा घाटी सेक्टर में दिन की शुरूआत में सेना का एक जवान शहीद हो गया जबकि पुंछ जिले के पुंछ सेक्टर में सीमा पार से हुई गोलीबारी में एक अन्य सैनिक शहीद हो गया और दो अन्य जख्मी हो गए।’ कृष्णा घाटी सेक्टर में शहीद हुए जवान की पहचान 22 सिख रेजिमेंट के सिपाही गुरसेवक सिंह (23) के रूप में हुई है। सिंह पंजाब के तरन तारन इलाके के निवासी हैं।
 
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जख्मी महिला की पहचान पुंछ निवासी सलीमा अख्तर और जरीफा बेगम के रूप में हुई है। जरीफा बेगम विशेष पुलिस अधिकारी के तौर पर काम करती हैं। उन्हें पुंछ के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर है।

पुंछ सेक्टर में मारे गए सैनिक की पहचान नायक टुकपरे राजेन्द्र नारायण के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के रहने वाले हैं। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि अर्धसैनिक बल का एक उपनिरीक्षक नितिन कुमार को छर्रे लगे हैं और उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर है।
इस बीच सेना के एक अधिकारी ने बताया कि पुंछ सेक्टर में संघषर्विराम उल्लंघन जारी है।
 
प्रवक्ता ने कहा, ‘पुंछ सेक्टर में पाकिस्तान की तरफ से संघर्ष विराम उल्लंघन किया गया और 120 एमएम मोर्टार, 80 एमएम मोर्टार और स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की गई। हमारे जवान करारा जवाब दे रहे हैं और पाकिस्तानी चौकियों को भारी नुकसान पहुंचा है।’  उन्होंने कहा, ‘सेना ने पांच और छह नवम्बर की दरम्यानी रात को कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ के दो प्रयास विफल कर दिए।’ 

प्रवक्ता ने बताया, ‘नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर की तरफ वापस लौटते हुए घुसपैठियों ने गोलीबारी की। गोलीबारी के दौरान सिपाही गुरसेवक सिंह को गोली लगी और निकालने के प्रयास के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।’ नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास दो दिनों तक शांति रहने के बाद आज फिर से संघषर्विराम उल्लंघन हुआ है।
 
अधिकारियों ने कहा, ‘भारतीय सेना द्वारा नियंत्रण रेखा के पार 28 सितम्बर की रात को लक्ष्यभेदी हमले करने के बाद पाकिस्तान द्वारा लगातार संघषर्विराम उल्लंघन किया जा रहा है।’ सीमा के पास की स्थिति पर चिंता जताते हुए जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया,‘बहादुर सैनिकों के परिवार के प्रति संवेदना। सीमा नियंत्रण रेखा के पास गंभीर चिंता की स्थिति बनी हुई है।’ लक्ष्यभेदी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास 100 से ज्यादा बार संघषर्विराम उल्लंघन हुए।
 
जम्मू में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पाकिस्तानी गोलीबारी में अब तक कुल 18 लोग मारे जा चुके हैं जिनमें 12 नागरिक हैं और 83 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
दिल्ली में प्रदूषण : सरकार ने की आपात कदमों की घोषणा