गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Election Commission removes ADG Law and Order from Bengal
Written By
Last Modified: शनिवार, 27 फ़रवरी 2021 (23:57 IST)

चुनाव आयोग ने बंगाल के ADG लॉ एंड ऑर्डर को पद से हटाया

चुनाव आयोग ने बंगाल के ADG लॉ एंड ऑर्डर को पद से हटाया - Election Commission removes ADG Law and Order from Bengal
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा करने के एक दिन बाद शनिवार को चुनाव आयोग ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) जावेद शमीम को उनके पद से हटा दिया एवं उनके स्थान पर जग मोहन को नियुक्त किया। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई है।

इस आदेश के अनुसार, 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी शमीम को मोहन की जगह महानिदेशक (अग्निशमन विभाग) बनाया गया है। उनका रैंक एडीजी का ही होगा। इस फेरबदल से कुछ घंटे पहले भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य निर्वाचन अधिकारी आरिज आफताब से मिला था और उसने उनसे 'पक्षपाती' पुलिस अधिकारियों को चुनाव ड्यूटी से हटाने की अपील की थी। इस प्रतिनिधिमंडल में सांसद स्वप्न दासगुप्ता एवं अर्जुन सिंह शामिल थे।

राज्य की ममता बनर्जी सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले इसी महीने शमीम को राज्य का अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) बनाया था। उससे पहले वे कोलकाता पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (द्वितीय) थे। पश्चिम बंगाल में इस बार आठ चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। पिछली बार सात चरणों में विधानसभा चुनाव हुए थे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी से भेंट करने के बाद दासगुप्ता ने कहा था, पश्चिम बंगाल में जिस तरह पुलिस प्रशासन काम कर रहा है, उससे स्पष्ट है कि यहां निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं है। हम कुछ पुलिस अधिकारियों का नाम भी बता सकते हैं, जो शहर में पदस्थापित हैं। यदि वे अपने पदों पर बने रहते हैं तो निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं है।(भाषा)
ये भी पढ़ें
गुलाम नबी के समर्थन में लामबंद हुए 'जी-23' के नेता, सिब्बल बोले- कमजोरी स्वीकार करे कांग्रेस