केरल भूस्खलन में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 218, शरीर के 143 अंग भी बरामद
खोज और बचाव अभियान अंतिम चरण में
Kerala landslide: केरल के वायनाड जिले में बड़े पैमाने पर हुई भूस्खलन (landslide) की घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 218 हो गई है। जिला प्रशासन ने शनिवार को यह जानकारी दी। प्रशासन की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक मृतकों में 90 महिलाएं और 30 बच्चे शामिल हैं। इसमें बताया गया है कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में मलबे से अब तक शरीर के 143 अंग भी बरामद किए जा चुके हैं।
बयान के अनुसार 218 शवों में से 152 की पहचान उनके परिजनों ने कर ली है। इसमें कहा गया है कि 217 शवों और शरीर के 143 अंगों का पोस्टमॉर्टम किया जा चुका है तथा 119 अवशेष परिजनों को सौंप दिए गए हैं। बयान के मुताबिक 518 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जिनमें से 89 का इलाज जारी है। इस बीच केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा कि 30 जुलाई को शुरू हुआ खोज और बचाव अभियान अंतिम चरण में पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि 206 लोग अब भी लापता हैं। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में तलाश अभियान शनिवार को लगातार पांचवें दिन जारी है। मलबे में अभी भी फंसे लोगों की तलाश के लिए 1,300 से अधिक बचावकर्मियों, भारी मशीन और अत्याधुनिक उपकरणों को तैनात किया गया है।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें