• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Anil Vij replied to BJP's show cause notice
Last Updated :अंबाला , बुधवार, 12 फ़रवरी 2025 (16:32 IST)

भाजपा के कारण बताओ नोटिस का अनिल विज ने दिया जवाब, सीएम नायब और बडोली पर की थी टिप्पणी

विज ने कहा कि समय सीमा से पहले मैंने जवाब दे दिया है। जवाब में मैंने उल्लेख किया कि अगर उन्हें (पार्टी को) किसी और चीज का जवाब चाहिए तो मैं वह भी दे दूंगा।

भाजपा के कारण बताओ नोटिस का अनिल विज ने दिया जवाब, सीएम नायब और बडोली पर की थी टिप्पणी - Anil Vij replied to BJP's show cause notice
Haryana News: हरियाणा के मंत्री अनिल विज (Anil Vij) ने बुधवार को कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) और भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख मोहन लाल बडोली (Mohan Lal Badoli) को लेकर की गई अपनी टिप्पणी के मामले में पार्टी के कारण बताओ नोटिस का जवाब दे दिया है। बडोली ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर 71 वर्षीय विज को सोमवार को नोटिस जारी कर 3 दिन में लिखित जवाब देने को कहा गया था।
 
ऊर्जा और परिवहन मंत्री विज ने मंगलवार रात को नोटिस का 8 पृष्ठों का जवाब दिया। विज ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह 3 दिन के लिए बेंगलुरु में थे और मंगलवार शाम को लौटे। उन्होंने कहा कि समय सीमा से पहले, मैंने जवाब दे दिया है। जवाब में मैंने उल्लेख किया कि अगर उन्हें (पार्टी को) किसी और चीज का जवाब चाहिए तो मैं वह भी दे दूंगा।ALSO READ: मैं घर जाऊंगा, ठंडे पानी से नहाऊंगा, खाना खाऊंगा और, BJP के कारण बताओ नोटिस पर बोले अनिज विज
 
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह जवाब में दी गई जानकारी मीडिया के साथ साझा कर सकते हैं तो विज ने चुटकी लेते हुए कहा कि यह (जवाब) सीलबंद लिफाफे में भेजा गया है और इसके बारे में सार्वजनिक रूप से नहीं बताया जा सकता।
 
विज ने कारण बताओ नोटिस का जिक्र किया : एक अन्य सवाल के जवाब में विज ने पार्टी की ओर से उन्हें जारी कारण बताओ नोटिस का जिक्र करते हुए कहा कि यह मीडिया में कैसे आया, इसकी जांच होनी चाहिए। एक गोपनीय संदेश मीडिया में कैसे लीक हो गया, अगर पार्टी चाहे तो इसकी जांच कराए। विज ने कहा कि नोटिस की प्रति मिलने से पहले ही उन्हें मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी मिल गई थी।ALSO READ: हरियाणा CM के खिलाफ बयान पर अनिल विज को नोटिस, 3 दिन में मांगा जवाब
 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बडोली ने सोमवार को विज को जारी नोटिस में कहा था कि आपको सूचित किया जाता है कि आपने हाल ही में पार्टी (प्रदेश) अध्यक्ष (बडोली) और मुख्यमंत्री के पद के खिलाफ सार्वजनिक बयान दिए हैं। ये गंभीर आरोप हैं और पार्टी की नीति तथा आंतरिक अनुशासन के खिलाफ हैं। नोटिस में कहा गया था कि हम आपसे 3 दिन के अंदर इस विषय पर लिखित स्पष्टीकरण देने की अपेक्षा करते हैं।
 
विज ने हाल में मुख्यमंत्री सैनी पर निशाना साधा था : अंबाला छावनी से 7 बार के विधायक विज (71) ने हाल में मुख्यमंत्री सैनी पर निशाना साधा था। हालांकि, मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे को ज्यादा तवज्जो नहीं दी। उन्होंने दावा किया था कि विज नाराज नहीं हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेता होने के नाते उन्हें अपनी बात कहने का अधिकार है।
 
पिछले सप्ताह विज ने कुछ तस्वीरें साझा की थीं और दावा किया था कि सैनी के एक मित्र के साथ देखे गए कार्यकर्ता एक निर्दलीय उम्मीदवार के साथ भी देखे गए थे, जिसे उन्होंने 2024 में राज्य विधानसभा चुनाव में हराया था। विज ने पिछले साल अक्टूबर में अपने अंबाला कैंट निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव जीता था और निर्दलीय उम्मीदवार चित्रा सरवारा को हराकर 7वीं बार विधायक बने थे।ALSO READ: हरियाणा के CM सैनी का दावा, अनिल विज मुझसे नाराज नहीं
 
विज ने 31 जनवरी को कहा था कि उन्हें चुनाव में हराने की कोशिश करने वाले अधिकारियों सहित उन लोगों के मुद्दे को सार्वजनिक रूप से उठाए हुए 100 दिन से अधिक हो गए हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। विज ने सैनी पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि पदभार संभालने के बाद से वह (सैनी) उड़न खटोला (हेलीकॉप्टर) पर सवार हैं। अगर वह नीचे आए तो उन्हें लोगों की पीड़ा दिखाई देगी।
 
इससे पहले 30 जनवरी को विज ने अधिकारियों द्वारा उनके आदेशों का पालन नहीं किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी और कहा था कि अपने अंबाला कैंट निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की खातिर वह किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की तरह आमरण अनशन पर जाने के लिए तैयार हैं।
 
इससे पहले विज ने कहा था कि बलात्कार के मामले में आरोपी बनाए जाने के बाद बडोली को हिमाचल प्रदेश पुलिस की जांच में निर्दोष पाए जाने तक पार्टी की शुचिता बनाए रखने के लिए हरियाणा प्रदेश भाजपा प्रमुख के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
 
पिछले सप्ताह बडोली और गायक रॉकी मित्तल पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली एक महिला समेत छह लोगों पर जबरन वसूली और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया गया था। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने हाल में बडोली और मित्तल के खिलाफ कथित सामूहिक बलात्कार मामले में एक अदालत में मामला रद्द करने की रिपोर्ट दायर की थी। विज की मनोहरलाल खट्टर के नेतृत्व वाली पिछली भाजपा सरकार के साथ भी खींचतान रही थी। खट्टर अब केंद्रीय मंत्री हैं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta