• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Amarnath Yatra
Written By
Last Updated : रविवार, 16 जुलाई 2017 (19:06 IST)

जम्मू से श्रद्धालुओं का 17वां जत्था अमरनाथ के लिए रवाना

जम्मू से श्रद्धालुओं का 17वां जत्था अमरनाथ के लिए रवाना - Amarnath Yatra
जम्मू। दक्षिणी कश्मीर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में भगवान शिव के दर्शन के लिए आज जम्मू से 3,603 श्रद्धालुओं का 17वां जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना हो गया।
 
अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 28 जून को यात्रा की शुरुआत होने के बाद से अब तक 53,631 श्रद्धालु जम्मू से अमरनाथ के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि कल शाम तक 1,95,491 तीर्थयात्री पवित्र गुफा का दर्शन कर चुके थे।
 
कानून-व्यवस्था को देखते हुए जम्मू से आठ जुलाई को यात्रा स्थगित कर दी गई थी लेकिन नौ जुलाई को यात्रा बहाल कर दी गई। श्रद्धालुओं को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार ने पुलिस, सेना, बीएसएफ और सीआरपीएफ के करीब 35,000 से 40,000 जवानों को तैनात किया है।
 
राज्य में मौजूदा सीआरपीएफ जवानों के अलावा केंद्र सरकार ने अर्धसैनिक बलों की करीब 250 कंपनियां (25,000 जवान) राज्य सरकार को भेजी है।
 
बीएसएफ ने यात्रा के लिए यहां 2,000 से ज्यादा जवान तैनात किए हैं। वहीं, भारतीय सेना ने पांच बटालियन (करीब 5000 सैनिक) सुरक्षा के लिए मुहैया कराए हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस बल के 5,400 कर्मी सुरक्षा में जुटे हुए हैं।
 
अनंतनाग जिले में अमरनाथ यात्रियों को ले जा रहे एक बस पर आतंकवादियों ने 10 जुलाई को हमला कर दिया था। इस हमले में आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। पिछले साल यात्रा में कुल 48 दिन लगे थे लेकिन इस साल यह यात्रा आठ दिन कम होगी। यात्रा श्रावण पूर्णिमा यानी रक्षाबंधन के दिन सात अगस्त को समाप्त होगी। (भाषा)
ये भी पढ़ें
नक्सल प्रभावित इलाकों में मुफ्त सेट-टॉप बॉक्स