• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Accused arrested for spreading rumors of terrorists entering Mumbai
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 14 अप्रैल 2023 (17:59 IST)

मुंबई में आतंकियों के घुसने की उड़ाई अफवाह, आरोपी कारोबारी गिरफ्तार

मुंबई में आतंकियों के घुसने की उड़ाई अफवाह, आरोपी कारोबारी गिरफ्तार - Accused arrested for spreading rumors of terrorists entering Mumbai
मुंबई। महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) की नासिक इकाई ने एक 47 वर्षीय कारोबारी को गिरफ्तार किया है, जिसने पुलिस को फोन कर दावा किया था कि पाकिस्तान से जुड़े 3 आतंकवादी मुंबई में घुस गए हैं। आरोपी का संपत्ति को लेकर अपने रिश्तेदारों से विवाद है और उसने अपने भतीजे को परेशान करने के लिए यह अफवाह उड़ाई। मुंबई पुलिस के नियंत्रण कक्ष को 7 अप्रैल को फोन आया था।

एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि अहमदनगर के रहने वाले आरोपी का संपत्ति को लेकर अपने रिश्तेदारों से विवाद है और उसने अपने भतीजे को परेशान करने के लिए यह अफवाह उड़ाई। मुंबई पुलिस के नियंत्रण कक्ष को सात अप्रैल को फोन आया, जिसमें एक व्यक्ति ने दावा किया कि पाकिस्तान से संबंध रखने वाले तीन आतंकवादी दुबई से मुंबई आए हैं।

अधिकारी ने कहा कि फोन करने वाले ने बताया कि वह पुणे से राजा थोंगे बोल रहा है। उसने एक आतंकवादी का नाम मुजीब मुस्तफा सैय्यद बताया। उसने तीनों आतंकवादियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल और वाहन का नंबर बताया।

अधिकारी ने कहा कि मोबाइल नंबर बीड के रहने वाले एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है, लेकिन उसे आतंकवादियों के बारे में कुछ नहीं पता था। उन्होंने कहा कि विस्तृत जांच में पता चला कि यह एक अफवाह थी।

अधिकारी ने कहा कि दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद एटीएस की नासिक इकाई ने भी जांच शुरू कर दी। तकनीकी विश्लेषण और अन्य जानकारियों के आधार पर एटीएस ने यासीन याकूब सैय्यद नामक व्यक्ति को पकड़ लिया।

उन्होंने कहा कि लोहे पर लेप चढ़ाने का काम करने वाले यासीन सैय्यद ने एटीएस को बताया कि वह चाहता था कि पुलिस उसके भतीजे को परेशान करे, इसलिए उसने यह अफवाह उड़ाई। अधिकारी ने कहा कि उसने जानबूझकर अपने भतीजे के नाम का इस्तेमाल एक आतंकवादी के लिए किया।

आरोपी ने बताया कि उसका एक भूखंड को लेकर अपने रिश्तेदारों से विवाद है। अधिकारी ने कहा कि एटीएस ने औपचारिक गिरफ्तारी के लिए यासीन को आजाद मैदान पुलिस को सौंप दिया।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
ये भी पढ़ें
क्या अगला नंबर केजरीवाल का है? CBI की पूछताछ में शामिल होंगे अरविन्द