• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2013
  4. »
  5. राजस्थान
Written By भाषा
Last Modified: कोटा , शनिवार, 23 नवंबर 2013 (16:14 IST)

हम झूठ को सच नहीं बनाते-सोनिया

सोनिया गांधी
FILE
कोटा। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा है कि हम झूठ को सच नहीं बनाते और भाजपाइयों को अगर कुछ दिखता है तो वह सिर्फ सत्ता है। सोनिया गांधी शनिवार को कोटा में कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार की किसानों, आम लोगों और सभी वर्गों के लिए कल्याणकारी नीतियों के कारण समुचित विकास हुआ है। वो (भाजपा) हमारी बुराई करते रहे, वो उल्टे-सीधे आरोप लगाते हैं, अफवाहें फैलाते हैं, लेकिन हम अपना काम करते रहेंगे। हम आगे भी कल्याणकारी योजनाएं बनाते रहेंगे।

उन्होंने भाजपा द्वारा राजस्थान में मुफ्त दवाई योजना को जहर बताने की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि मुफ्त दवा योजना से लाखों लोगों को लाभ मिल रहा है। जिनके दिलों में आम लोगों के लिए जगह नहीं होती, वे ही इस तरह की बातें करते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि संप्रग सरकार ने क्रांतिकारी योजनाएं बनाई हैं। हमारे अन्नदाता किसान जो अपने खून-पसीने से हमारी जरूरतें पूरी करते हैं, संप्रग सरकार ने उनकी उपज का पूरा मूल्य दिलवाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार ने लोगों को मनरेगा के माध्यम से उनके घर के पास ही 100 दिन का रोजगार उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया हैं। भ्रष्टाचार रोकने के लिए सूचना का अधिकार कानून लागू किया और भूमि अधिग्रहण कानून बनाया है ताकि किसी की जमीन बिना उनकी अनुमति और मुआवजे के बिना नहीं ली जा सके।

संप्रग अध्यक्ष ने कहा कि संप्रग और राजस्थान की कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण राजस्थान शिक्षा का हब बनता जा रहा है। राजस्थान की अब अलग पहचान बन गई है। राजस्थान अब पिछड़ा हुआ नहीं रहा है।

उन्होंने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने विधवाओं और बुजुर्गों के लिए पेंशन व अन्य योजनाएं, गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले परिवारों को 1 रुपए किलो अनाज तथा सभी को पक्की छत मुहैया करवाने के लिए योजनाएं शुरू की हैं। (भाषा)