• Webdunia Deals
  1. कुंभ मेला
  2. प्रयागराज कुंभ मेला 2025
  3. प्रयागराज कुंभ मेला न्यूज
  4. New Delhi Railway Station Stampede Case
Last Modified: नई दिल्ली , रविवार, 16 फ़रवरी 2025 (11:28 IST)

NDLS Stampede : रेलवे ने किया मुआवजे का ऐलान, पुलिस ने शुरू की जांच, एसआईटी की मांग

NDLS Stampede : रेलवे ने किया मुआवजे का ऐलान, पुलिस ने शुरू की जांच, एसआईटी की मांग - New Delhi Railway Station Stampede Case
Railway Station Stampede Case : रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजन को 10-10 लाख रुपए अनुग्रह राशि के तौर पर देने की रविवार को घोषणा की। रेलवे ने कहा कि गंभीर रूप से घायलों को ढाई-ढाई लाख रुपए और मामूली रूप से घायल हुए लोगों को एक-एक लाख रुपए दिए जाएंगे। दिल्ली पुलिस ने भगदड़ की घटना की रविवार को जांच शुरू कर दी जिसके तहत सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर यह पता लगाया जाएगा कि अफरातफरी क्यों मची। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भगदड़ की घटना पर शोक व्यक्त करते हुए इस त्रासदी की न्यायिक निगरानी में विशेष जांच दल (एसआईटी) से स्वतंत्र जांच कराए जाने की मांग की।
 
रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजन को 10-10 लाख रुपए अनुग्रह राशि के तौर पर देने की रविवार को घोषणा की। रेलवे ने कहा कि गंभीर रूप से घायलों को ढाई-ढाई लाख रुपए और मामूली रूप से घायल हुए लोगों को एक-एक लाख रुपए दिए जाएंगे। दिल्ली पुलिस ने भगदड़ की घटना की रविवार को जांच शुरू कर दी जिसके तहत सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर यह पता लगाया जाएगा कि अफरातफरी क्यों मची।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए। यह भगदड़ प्लेटफार्म संख्या 14 और 15 पर प्रयागराज (जहां महाकुंभ का आयोजन किया गया है) जाने वाली ट्रेन पर सवार होने वाले यात्रियों की भारी भीड़ होने के बाद मची। दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की घटना की रविवार को जांच शुरू कर दी जिसके तहत सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर यह पता लगाया जाएगा कि अफरातफरी क्यों मची। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। 
 
पुलिस सूत्रों ने कहा, हमारा मुख्य लक्ष्य भगदड़ के मुख्य कारण की जांच करना है। हम सीसीटीवी फुटेज और उस दौरान की गई घोषणाओं का सारा डेटा एकत्र करेंगे। उन्होंने कहा कि प्लेटफॉर्म में बदलाव के बारे में संभवत: गलत घोषणा के कारण भ्रम की स्थिति पैदा हुई और भगदड़ मच गई।
प्लेटफार्म संख्या 14 और 15 पर प्रयागराज (जहां महाकुंभ का आयोजन किया गया है) जाने वाली ट्रेन पर सवार होने के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ट्रेन के देरी से आने के कारण प्लेटफॉर्म पर लोगों की भीड़ बढ़ गई जिससे भगदड़ मच गई।
 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया शोक : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना में लोगों की मौत होने पर रविवार को शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में लोगों की मौत होने के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार रात को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की और कहा कि अधिकारी इससे प्रभावित सभी लोगों की सहायता में जुटे हैं।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ (जैसी स्थिति) से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्दी ठीक हो जाएं। उन्होंने कहा कि अधिकारी इस स्थिति से प्रभावित सभी लोगों की सहायता कर रहे हैं।
 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगदड़ की घटना पर दुख जताया : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में लोगों की मौत होने पर रविवार को गहरा दुख प्रकट किया। योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हादसे में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। उन्होंने कहा, प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
 
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में कई लोगों के हताहत होने की अत्यंत दु:खद सूचना प्राप्त हुई है। ईश्वर से प्रार्थना है कि हादसे में घायल हुए लोगों को जल्द से जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें और दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ओम शांति:।
 
क्या कहा राज्यपाल ने : दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा कि शनिवार रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ‘अव्यवस्था और भगदड़’ के कारण लोगों की मौत और घायल होने की घटना ‘दुर्भाग्यपूर्ण एवं दुखद’ है। सक्सेना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने मुख्य सचिव और दिल्ली पुलिस आयुक्त को स्थिति को हल करने का निर्देश दिया है। उपराज्यपाल ने कहा कि इस घटना के पीड़ितों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। सक्सेना ने कहा कि वे लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
 
‘ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन’ (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की घटना पर शोक व्यक्त करते हुए इस त्रासदी की न्यायिक निगरानी में विशेष जांच दल (एसआईटी) से स्वतंत्र जांच कराए जाने की मांग की।
 
हैदराबाद से लोकसभा सदस्य ओवैसी ने भारतीय रेलवे की प्रणालीगत विफलताओं की स्वतंत्र जांच कराए जाने की भी मांग की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में मारे गए लोगों के प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। यह ऐसी त्रासदी है जिसे रोका जा सकता था।
 
ओवैसी ने कहा, जो कुछ हुआ, भाजपा सरकार उसे छिपाने की कोशिश कर रही है। इसके बजाय यह किया जाना चाहिए: 1. त्रासदी की जांच के लिए एक स्वतंत्र, न्यायिक निगरानी वाली एसआईटी गठित की जानी चाहिए 2. भारतीय रेलवे की प्रणालीगत विफलताओं की स्वतंत्र जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे लाखों भारतीयों की जीवनरेखा है और यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के कुप्रबंधन की जद में नहीं आनी चाहिए। (इनपुट भाषा)
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
अमेरिका से 116 निर्वासित लोगों के दूसरे जत्थे को लेकर अमृतसर पहुंचा विमान