• Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. एनआरआई
  4. »
  5. एनआरआई सिनेमा
  6. राजकपूर फिल्म प्रदर्शनी न्यूयॉर्क में
Written By ND

राजकपूर फिल्म प्रदर्शनी न्यूयॉर्क में

राजकपूर की फिल्म
ND

न्यूयॉर्क के 'म्यूजियम ऑफ मॉडर्न आर्ट' में राजकपूर की फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी का शीर्षक 'राजकपूर : भारतीय फिल्म जगत का सुनहरा दौर' रखा गया है। इसमें राजकपूर की बहु‍चर्चित फिल्में आवारा, बरसात, श्री 420 और मेरा नाम जोकर समेत 8 फिल्में दिखाई जाएंगी।

म्यूजियम की वेबसाइट पर राजकपूर के बारे में लिखा गया है कि उत्तरी अमेरिका के लोग राजकपूर के बारे में भले ही न जानते हों, लेकिन राजकपूर को रूस, पूर्व सोवियत संघ और मध्य पूर्व जैसे इलाकों में पूजा जाता है।

राजकपूर ने 1948 में आर.के. फिल्म्स स्टूडियो का निर्माण किया, जो आजादी के बाद सबसे सफल फिल्म निर्माण कंपनियों में से एक रहा है। यह भी कहा गया कि राजकपूर भारतीय फिल्मों में रोमांस के प्रस्तुतिकरण को एक नए स्तर पर ले गए, जिसमें हॉलीवुड के मैलोड्रामा और भारतीय पौराणिक मूल्यों को बड़ी खूबी से मिलाया गया था।

राजकपूर ने अपनी फिल्मों में पर्दे के रोमांस को बेबाक, गंभीर और निजी बनाया और भावों की अभिव्यक्ति को नए आयाम दिए, जिनकी परंपरावादी भारतीय साहित्य में कम ही जगह थी। यह प्रदर्शनी 6 से 16 जनवरी तक चलेगी।