• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , शुक्रवार, 1 अक्टूबर 2010 (12:53 IST)

फैसले के एक दिन बाद देश में शांति

अयोध्या फैसला
FILE
अयोध्या फैसले के एक दिन बाद देश में आज शांति रही और किसी भी हिस्से से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है। हजारों सुरक्षाकर्मी पूरी चौकसी बरते हुए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि देशभर में संवेदनशील इलाकों में अभी कुछ दिन और जबर्दस्त सुरक्षा इंतजाम रहेंगे तथा इसमें अभी ढील नहीं दी जाएगी।

देश के विभिन्न हिस्सों में ऐहतियात के तौर पर हजारों शरारती और समाज विरोधी तत्वों को हिरासत में लिया गया। सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी कर दी गई है और देश के किसी भी हिस्से से किसी जश्न या विरोध प्रदर्शन की खबर नहीं है।

राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद के केंद्र फैजाबाद तथा अयोध्या में स्थिति सामान्य है और लोग आपसी मेलमिलाप के साथ सामान्य ढंग से काम कर रहे हैं। फैजाबाद की गलियों में लोग खुश दिखाई देते हैं। अधिकतर का कहना है कि अब मतभेद वाली कोई बात नहीं है। पुलिस ने बताया कि मंदिरों की नगरी में किसी भी वाहन को सघन तलाशी के बिना प्रवेश की अनुमति नहीं है।

फैजाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आरकेएस राठौड़ ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढील नहीं दी जाएगी। (भाषा)