शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Yogi Adityanath to take oath as Uttar Pradesh CM
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 25 मार्च 2022 (08:41 IST)

यूपी में योगीराज 2.0 : शाम 4 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे योगी आदित्यनाथ, कौन-कौन बनेगा मंत्री?

यूपी में योगीराज 2.0 : शाम 4 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे योगी आदित्यनाथ, कौन-कौन बनेगा मंत्री? - Yogi Adityanath to take oath as Uttar Pradesh CM
लखनऊ। योगी आदित्यनाथ आज शाम 4 बजे लखनऊ के इकाना स्टेडियम में उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ 7 महिलाओं समेत 46 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है।
 
इस बीच, यह भी कहा जा रहा है कि केशव मौर्य और दिनेश शर्मा को एक बार फिर डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। इससे पहले डिप्टी सीएम पद के लिए आगरा से चुनाव जीतीं बेबीरानी मौर्य, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और ब्रजेश पाठक का नाम भी सामने आया था।

योगी मंत्रिमंडल में विधायकों को शामिल करते 2024 के चुनाव का खास ध्यान रखा गया है। इनमें जातिगत समीकरण के साथ क्षेत्रीय समीकरणों का भी ध्यान रखा जाएगा। सिद्धार्थनाथ सिंह, ब्रजेश पाठक, सतीश महाना, जितिन प्रसाद, श्रीकांत शर्मा की मंत्रिमंडल में जगह पक्की मानी जा रही है। इनके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे असीम अरुण और बेबीरानी मौर्य का भी मंत्री बनना तय माना जा रहा है।  इस बार मंत्रिमंडल में करीब 20 नए चेहरे भी शामिल हो सकते हैं।
 
50 हजार लोगों के सामने शपथ लेंगे योगी : योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। राजधानी लखनऊ को इस खास मौके के लिए विशेष रूप से सजाया संवारा गया है। तिरंगे की रोशनी से सजे चौक चौराहे, दुकानों पर भगवा रंग से लहराते झंडे,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के बड़े बड़े कटआउट, फूलों से सजे मंदिर भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार की तस्कीद करते दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा अयोध्‍या,वाराणसी, मथुरा समेत अन्य जिलों में भी यही नजारा दिख रहा है।
 
ये दिग्गज होंगे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल : कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई दिग्गज मंत्रियों और भाजपा नेताओं के शामिल होने की संभावना है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक, भाजपा की सहयोगी अपना दल (एस) की अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और निषाद पार्टी के अध्यक्ष के अलावा मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) संरक्षक मुलायम सिंह यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती,कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी,कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) अध्यक्ष जयंत चौधरी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को न्योता भेजा गया है।
 
इसके अलावा 11 राज्यों के मुख्यमंत्री और पांच राज्यों के उपमुख्यमंत्री इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिये आयोजन स्थल पर मौजूद रहेंगे। इनमे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के सीएम मोहन लाल खट्टर,अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू,मणिपुर के मुख्यमंत्री एम बिरेन सिंह, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, त्रिपुरा के सीएम बिप्लव कुमार देब, गोवा के मुख्यमंत्री डा प्रमोद सांवत,असम के सीएम हिम्मत बिस्वा शर्मा,कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और गुजरात के सीएम भूपेन्द्र पटेल शामिल हैं। इसके अलावा बिहार के उप मुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद एवं रेणु देवी समेत अरूणाचल प्रदेश,त्रिपुरा और नगालैंड के उप मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल की शोभा बढायेंगे।
 
शपथ ग्रहण समारोह में टाटा ग्रुप के एन चन्द्रशेकरन, अम्बानी ग्रुप के मुकेश अम्बानी, आदित्य बिरला ग्रुप के कुमार मंगलम बिरला, अडानी ग्रुप के गौतम अडानी, महिन्द्रा ग्रुप के आन्नद महिंद्रा जैसे बड़े उद्योगपति शामिल होंगे। इसके अलावा कश्मीर फाइल्स की पूरी टीम के साथ बालीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, कंगना राणावत समेत कई जानेमाने चेहरे भी शपथ ग्रहण समारोह में आकर्षण का केन्द्र बनेंगे।
 
हाल में संपन्न उत्तरप्रदेश विधानसभा के चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा को 255 सीटें मिली थी जबकि उसके सहयोगी अपना दल सोनेलाल को 12 तथा निषाद पार्टी को 6 सीटों पर जीत हासिल हुई थी।