वर्ल्ड बैंक ने भारत की GDP ग्रोथ का अनुमान घटाया, कांग्रेस ने कहा- नहीं दिखाएगा मीडिया
नई दिल्ली। भारत की जीडीपी वृद्धि 2023-24 में खपत में कमी आने की वजह से धीमी पड़कर 6.3 प्रतिशत पर आ सकती है, जो पहले के 6.6 प्रतिशत के अनुमान से कम है। विश्व बैंक ने मंगलवार को एक रिपोर्ट में यह कहा। इसे लेकर कांग्रेस ने मीडिया पर निशाना भी साधा। उसने कहा कि यह खबर मीडिया नहीं दिखाएगा।
विश्व बैंक ने भारत की वृद्धि के अपने ताजा अनुमान में कहा कि खपत में धीमी बढ़ोतरी होने और चुनौतीपूर्ण बाहरी परिस्थितियों की वजह से वृद्धि बाधित हो सकती है। इसमें कहा गया कि आय में धीमी वृद्धि और कर्ज के महंगा होने का असर निजी उपभोग की वृद्धि पर पड़ेगा। महामारी से संबंधित वित्तीय समर्थन के कदमों को वापस लेने की वजह से सरकारी खपत की रफ्तार भी कम रहने का अनुमान है।
इस खबर पर गोदी मीडिया चर्चा नहीं करेगा
— Congress (@INCIndia) April 4, 2023
वर्ल्ड बैंक ने भारत की GDP ग्रोथ का अनुमान घटाया। साल 2023 में GDP ग्रोथ 6.3% रह सकती है।
पहले वर्ल्ड बैंक का अनुमान था कि इस वित्त वर्ष GDP ग्रोथ 6.6% रहेगी।
GDP की सुस्त चाल का मतलब- कम निवेश, रोजगार का संकट, जेब में कम पैसा, गरीबी।
रिपोर्ट में कहा गया कि चालू खाता घाटा 2023-24 में कम होकर 2.1 प्रतिशत पर आ सकता है, जो 3 प्रतिशत था। मुद्रास्फीति के बारे में अनुमान जताया गया है कि यह 6.6 प्रतिशत से घटकर 5.2 प्रतिशत पर आ सकती है। (भाषा) Edited by: Ravindra Gupta

