1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. who is jp nadda know about his career

JP Nadda : राजनीति के माहिर खिलाड़ी हैं जेपी नड्डा, जानिए BJP के नए राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष के बारे में 10 खास बातें

JP Nadda
भाजपा को अमित शाह के स्थान पर आज नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा के इस पद पर निर्विरोध निर्वाचित होना लगभग तय है। नड्डा को पिछले साल जुलाई में कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। यह इस बात का संकेत था कि हिमाचल प्रदेश से भाजपा के नेता संगठन के शीर्ष पद के लिए संभावित पसंद हैं।
 
जेपी नड्डा बीजेपी के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। हालांकि बीजेपी ने संगठन चुनाव की औपचारिकता पूरी करने के लिए चुनाव की अधिसूचना भी जारी की है, लेकिन माना जा रहा है कि कोई भी दूसरा उम्मीदवार न होने से जेपी नड्डा का निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना तय है। आइए जानते हैं जेपी नड्डा के बारे में 10 खास बातें-
 
1. जेपी नड्डा भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेताओं में से एक हैं। जेपी नड्डा भाजपा के अध्यक्ष पद के लिए लंबे समय से प्रधानमंत्री मोदी और शाह की पसंद के तौर पर देखे जा रहे हैं।
 
2. नड्डा ने राजनीति में शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। संगठन में उनका दशकों पुराना अनुभव, आरएसएस से उनकी नजदीकी और स्वच्छ छवि उनकी ताकत है।
 
3. ब्राह्मण परिवार से संबंध रखने वाले जगत प्रकाश नड्डा का जन्म 2 दिसंबर 1960 में बिहार की राजधानी पटना में हुआ था।
 
4. जगत प्रकाश नड्डा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा और बीए की डिग्री पटना के कॉलेज से हासिल की है। एलएलबी की डिग्री इन्होंने हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से प्राप्त की है।
5. नड्डा 1998 से लेकर 2003 तक हिमाचल प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री थे।
 
6. 2008 से लेकर 2010 तक धूमल सरकार में मंत्री, कई अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली।
 
7. जेपी नड्डा अप्रैल 2012 में राज्यसभा सांसद चुने गए।   
 
8. नड्डा 2019 के लोकसभा चुनाव में उत्तरप्रदेश में भाजपा के चुनाव अभियान के प्रभारी थे, जहां पार्टी को सपा और बसपा के महागठबंधन से कड़ी चुनौती थी। भाजपा ने यूपी में 80 लोकसभा सीटों में से 62 पर जीत दर्ज की।
 
9. भाजपा के लिए महत्वपूर्ण राज्य संभालने के अलावा नड्डा मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री भी थे। 
 
10. जेपी नड्डा संसदीय बोर्ड के एक सदस्य भी रहे हैं, जो कि पार्टी का निर्णय लेने वाला शीर्ष निकाय है।
अगला लेख
जो रूट की शानदार गेंदबाजी से इंग्लैंड तीसरे टेस्ट मैच में जीत के करीब