• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. weather update : monsoon to reach Delhi Mumbai together
Written By
Last Updated : रविवार, 25 जून 2023 (08:44 IST)

Weather Update : दिल्ली, मुंबई में भारी बारिश, 2 महानगरों में एक साथ पहुंचेगा मानसून

Weather Update : दिल्ली, मुंबई में भारी बारिश, 2 महानगरों में एक साथ पहुंचेगा मानसून - weather update : monsoon to reach Delhi Mumbai together
Weather Update : धीमी शुरुआत के बाद मानसून (Monsoon) तेजी से आगे बढ़ रहा है। दिल्ली, मुंबई समेत देश के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मानसून आज महाराष्ट्र, गुजरात तथा राजस्थान के कुछ हिस्सों में दस्तक दे सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि अगले दो दिन के भीतर मानसून के दिल्ली और मुंबई दोनों में एक ही समय पर पहुंचने का अनुमान है।
 
महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में मानसून दस्तक दे चुका है। आमतौर पर मॉनसून एक जून तक केरल, 11 जून तक मुंबई और 27 जून तक राष्ट्रीय राजधानी तक पहुंच जाता है।
 
हालांकि मॉनसून ने लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर के एक बड़े हिस्से सहित उत्तर भारत के एक बड़े हिस्से में तय समय पर दस्तक दे दी है, लेकिन यह वर्तमान में मध्य भारत के एक बड़े हिस्से में अपने निर्धारित समय से 10-12 दिन पीछे है।
 
आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डी. एस. पई ने बताया कि चक्रवात ‘बिपारजॉय’ ने दक्षिण भारत और देश के पश्चिमी और मध्य भागों में मानसून की प्रगति को प्रभावित किया है।
 
मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, जम्मू कश्मीर और लद्दाख सहित महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों, चंडीगढ़, दिल्ली सहित हरियाणा के अधिकांश हिस्सों, गुजरात के कुछ हिस्सों, पूर्वी राजस्थान और पंजाब में अगले दो दिन के दौरान मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

मुंबई में भारी बारिश, 2 की मौत : मुंबई के कई हिस्सों में शनिवार को भारी बारिश के कारण नाले में बह जाने से 2 लोगों की मौत हो गई। साथ ही, इस दौरान यातायात जाम, पेड़ गिरने और शॉर्ट सर्किट की घटनाएं भी सामने आईं। चेंबूर में दिनभर में 80.04 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि विक्रोली में 79.76 मिलीमीटर, सायन में 61.98 मिलीमीटर, घाटकोपर में 61.68 मिलीमीटर और माटुंगा में 61.25 मिलीमीटर बारिश हुई।
 
अगले 24 घंटों में कहां कैसा रहेगा मौसम : मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान, पश्चिमी तट, ओडिशा, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा होने की उम्मीद है।
 
पूर्वोत्तर भारत में भी कुछ तीव्र बारिश देखने को मिल सकती है। पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों के साथ-साथ उत्तर पश्चिम भारत में भी कुछ अच्छी बारिश होने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक, केरल, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की आशंका है। 
 
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल 30 जून, 2021 में 13 जुलाई, 2020 में 25 जून, 2019 में पांच जुलाई और 2018 में 28 जून को मानसून ने राष्ट्रीय राजधानी में दस्तक दे दी थी। यह मुंबई में पिछले साल 11 जून को, 2021 में नौ जून को, 2020 में 14 जून को तथा 2019 में 25 जून को आया था।
 
इस साल, मानसून अपनी सामान्य तारीख एक जून से एक सप्ताह बाद आठ जून को केरल पहुंचा था। यह केरल में पिछले साल 29 मई, 2021 में तीन जून, 2020 में एक जून, 2019 में आठ जून और 2018 में 29 मई को पहुंचा था।
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
पश्चिम बंगाल के बांगुरा में 2 मालगाड़ियों की टक्कर, 12 डिब्बे पटरी से उतरे