• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. weather update 17 may heat alert from UP to rajasthan
Last Modified: शनिवार, 17 मई 2025 (07:55 IST)

Weather Update : ओडिशा में बिजली गिरने से 9 की मौत, यूपी समेत कई राज्यों में फिर लू का अलर्ट

IMD ने उत्तर प्रदेश, जम्मू कश्मीर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा समेत कई राज्यों में अगले तीन दिन लू चलने की संभावना जताई है।

weather update
Weather Update : भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, जम्मू कश्मीर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा समेत कई राज्यों में अगले तीन दिन लू चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 मई तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। वहीं, ओडिशा, दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में शुक्रवार को बारिश हुई। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी अगले पांच दिनों तक बारिश जारी रहेगी। लेकिन असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में मौसम गर्म और आर्द्र रह सकता है।
 
बांदा में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार :  भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में शुक्रवार को 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक है। झांसी समेत राज्य के कई इलाकों में शुक्रवार को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, कन्नौज, कानपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में लू चलने की आशंका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की बारिश का अनुमान है।
 
राजस्थान में भीषण गर्मी का अलर्ट : मौसम विभाग ने राजस्थान के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है। बीकानेर तथा गंगानगर जिलों में आज अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने व कहीं-कहीं 'लू' चलने की संभावना है। वहीं राज्य के शेष अधिकतर भागों में अधिकतम तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 
 
Thunder lightning
ओडिशा में बिजली गिरी : ओडिशा में शुक्रवार को आंधी-तूफान के बीच बिजली गिरने की विभिन्न घटनाओं में छह महिलाओं सहित कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, वहीं कुछ अन्य घायल हो गए।  कोरापुट जिले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि जाजपुर और गंजाम जिलों में दो-दो और ढेंकानाल तथा गजपति जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।
 
धूल भरी आंधी के बाद दिल्ली में बारिश : दिल्ली में धूल भरी आंधी आने के एक दिन बाद शुक्रवार को तेज हवाओं और बादल छाए रहने के बीच शहर के कई हिस्सों में बारिश हुई। नरेला, बवाना, बुराड़ी, रोहिणी, करावल नगर, दिल्ली विश्वविद्यालय, मुंडका, पंजाबी बाग, कश्मीरी गेट, बुद्ध जयंती पार्क, आईटीओ, जाफरपुर, नजफगढ़, दिल्ली छावनी, सफदरजंग, लोदी रोड और एनसीआर के कुछ हिस्सों सहित कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई। बिजली चमकने के साथ ही 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं भी चली।
 
आईएमडी ने शनिवार को गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 42 डिग्री सेल्सियस और 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
edited by : Nrapendra Gupta