शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Union Minister Sadananda Gowda hospitalised after collapsing due to low blood sugar
Written By
Last Modified: रविवार, 3 जनवरी 2021 (19:50 IST)

केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा बेहोश हुए, अस्पताल में भर्ती

केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा बेहोश हुए, अस्पताल में भर्ती - Union Minister Sadananda Gowda hospitalised after collapsing due to low blood sugar
बेंगलुरू। केंद्रीय मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा रविवार को शिवमोगा से बेंगलुरू आते समय चित्रदुर्ग में निम्न रक्त शर्करा के कारण बेहोश हो गए और उन्हें यहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने दी। उन्होंने बताया कि गौड़ा (67) की हालत स्थिर है और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।
मंत्री को पहले चित्रदुर्ग के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में ‘शून्य यातायात प्रबंधन’ कर उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से यहां के एक निजी अस्पताल में लाया गया।
‘शून्य यातायात प्रबंधन’ के तहत अन्य वाहनों को अस्थायी रूप से रोक कर वीवीआईपी के काफिले को गुजारा जाता है। गौड़ा राज्य भाजपा की एक बैठक में शामिल होने के बाद शिवमोगा से बेंगलुरू आ रहे थे।

सूत्रों ने बताया कि चित्रदुर्ग में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं का अभिवादन करने के बाद वे बेहोश हो गए। वे वहां दोपहर के भोजन के लिए एक होटल में ठहरे थे।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री गौड़ा को तुरंत चित्रदुर्ग के बासावेश्वर चिकित्सा कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के बाद वह ठीक हो गए और भाजपा नेताओं तथा परिवार के सदस्यों से फोन पर बात की। इसके बाद उन्हें बेंगलुरू के अस्पताल में भर्ती कराया गया। गौड़ा के बेटे कार्तिक ने संवाददाताओं से कहा कि निम्न रक्त शर्करा के कारण ऐसा हुआ... वे अब ठीक हैं। (भाषा)
ये भी पढ़ें
बिहार में सोमवार से खुलेंगे स्कूल और कॉलेज, सरकार ने जारी किए सुरक्षा निर्देश