1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Terror threat on railway stations and religious places

सावधान, रेलवे स्टेशनों और धर्मस्थलों पर आंतकी हमले का खतरा, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

Terror threat
सहारनपुर। आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा के नाम से सहारनपुर रेलवे स्टेशन सहित हरियाणा और उत्तर प्रदेश के धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकी के बाद खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। धमकी वाला यह पत्र सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है। धमकी देने वाले ने 20 अक्टूबर से 10 नवम्बर के बीच विस्फोट करने की धमकी दी है।
 
पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि अम्बाला के स्टेशन अधीक्षक को इस तरह का पत्र मिला है। इस पत्र के दूसरे पृष्ठ पर लश्कर ए तैयबा के कमाण्डर मौलवी अबू बुखारी का नाम लिखा है। 
 
सिंह ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां इस पत्र को लेकर सतर्क हैं और भीड़भाड़ वाले इलाकों सहित रेलवे स्टेशनों पर तलाशी अभियान बढ़ा दिया गया है। 
 
उन्होंने कहा कि इस पत्र में सहारनपुर के शाकुम्भरी मन्दिर सहित उत्तर प्रदेश और हरियाणा के विभिन्न धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। 
 
सिंह ने बताया कि डाक से भेजे गए इस पत्र के प्रेषक के रूप में मौलवी अबू बुखारी, एरिया कमाण्डर लश्कर ए तैयबा किश्तवाड़, जम्मू कश्मीर/कराची पाकिस्तान लिखा है।
 
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इससे पूर्व भी इस तरह का पत्र रेलवे विभाग को मिल चुका है। (भाषा) 
अगला लेख
प्रमोशन में आरक्षण, शिवराज के मंत्री बोले- इधर कुआं, उधर खाई...