• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Shares of all companies of Adani Group fell
Written By
Last Modified: शनिवार, 24 जून 2023 (01:22 IST)

Adani Group की सभी कंपनियों के गिरे शेयर, 7 प्रतिशत टूटा अडाणी एंटरप्राइजेस का शेयर

Gautam Adani
नई दिल्ली। अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में शुक्रवार को गिरावट आई। समूह की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेस का शेयर लगभग 7 प्रतिशत तक गिर गया। हिंडनबर्ग रिपोर्ट मामले में अडाणी समूह की तरफ से अमेरिकी निवेशकों को दिए गए प्रतिवेदनों पर अमेरिकी अधिकारियों के गौर करने की रिपोर्ट के बाद शेयरों में गिरावट आई।
 
अमेरिकी वित्तीय शोध और निवेश कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट में अडाणी समूह पर शेयरों के भाव में हेराफेरी और वित्तीय गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि समूह ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है। बीएसई में अडाणी एंटरप्राइजेस का शेयर 6.79 प्रतिशत, अडाणी ट्रांसमिशन का शेयर 6.38 प्रतिशत, अडाणी पावर का शेयर 5.61 प्रतिशत और अंबुजा सीमेंट का शेयर 4.19 प्रतिशत गिर गया।
 
अडाणी पोर्ट्स का शेयर 4.16 प्रतिशत, एनडीटीवी का शेयर 3.46 प्रतिशत, एसीसी का शेयर 3.46 प्रतिशत, अडाणी विल्मर का शेयर 3.42 प्रतिशत, अडाणी टोटल गैस का शेयर 3.21 प्रतिशत और अडाणी ग्रीन एनर्जी का शेयर 1.50 प्रतिशत गिर गया। शेयर बाजार में 30 शेयर वाले बीएसई पर सेंसेक्स 259.52 अंक या 0.51 प्रतिशत गिरकर 62,979.37 पर बंद हुआ।
 
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के खुदरा शोध प्रमुख दीपक जसानी ने कहा, बाजार में मुनाफावसूली के बीच अडाणी समूह के शेयर शुक्रवार को बिकवाली के दबाव में आ गए। समूह के शेयरों में गिरावट का एक अतिरिक्त कारण हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अडाणी समूह के संबंध में अमेरिका में नियामकीय जांच की खबर थी।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
ये भी पढ़ें
अमेरिकी प्रौद्योगिकी, भारतीय प्रतिभा का साथ आना उज्ज्वल भविष्य की गारंटी : मोदी