गणतंत्र दिवस समारोह : इन रास्तों पर जाने से बचें, दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
Republic Day Parade : गणतंत्र दिवस समारोहों के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं और नगर में 70,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। कर्तव्य पथ पर होने वाले मुख्य कार्यक्रम में करीब 77,000 लोगों को आमंत्रित किया गया है। दिल्ली पुलिस ने यातायात को लेकर एक एडवाइजरी जारी की है।
देश कर्तव्य पथ पर शुक्रवार को 90 मिनट की परेड के दौरान अपनी बढ़ती सैन्य ताकत और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के भव्य प्रदर्शन के साथ 75वें गणतंत्र दिवस का जश्न मनायेगा। देश की महिला शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों पर केंद्रित इस भव्य समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
यात्रा परामर्श के मुताबिक, परेड सुबह 10.30 बजे विजय चौक से शुरू होगी और लाल किला मैदान की ओर बढ़ेगी। सुबह 9.30 बजे राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, इंडिया गेट पर संबंधित समारोह होगा। परेड विजय चौक, कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन, सुभाष चंद्र बोस गोल चक्कर, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग और लाल किले से होकर गुजरेगी।
शाम 6 बजे से कर्तव्य पथ पर विजय चौक से इंडिया गेट तक किसी यातायात की अनुमति नहीं है। यह रोक परेड खत्म होने तक जारी रहेगी।
यातायात निर्देशिका
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) January 24, 2024
26 जनवरी, 2024 को #गणतंत्र_दिवस समारोह के आगंतुकों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। कृपया निर्देशिका का पालन करें।#DPTrafficAdvisory#RepublicDay pic.twitter.com/np3ZKgobvY
परामर्श के अनुसार शुक्रवार को सुबह 10.30 बजे से तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग पर यातायात की अनुमति नहीं होगी।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के एक बयान में कहा गया है कि जिन लोगों के पास गणतंत्र दिवस समारोह के लिए वास्तविक ई-निमंत्रण कार्ड या ई-टिकट होंगे, उन्हें सरकार द्वारा जारी पहचान पत्र दिखाने पर स्टेशनों पर कूपन जारी किए जाएंगे, जो केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन स्टेशन से बाहर निकलने के लिए मान्य होंगे।
Edited by : Nrapendra Gupta

