दिल्ली की मुख्यमंत्री बनते ही रेखा गुप्ता को मिली Z श्रेणी की सुरक्षा
Delhi Chief Minister Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को दिल्ली पुलिस ने 'जेड' श्रेणी की सुरक्षा (Z category security) प्रदान की है। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की 'येलो बुक' में उल्लिखित सुरक्षा दिशानिर्देशों के अनुसार मुख्यमंत्री गुप्ता को यह सुरक्षा दी गई है। येलो बुक में विशिष्ट व्यक्तियों और अति-विशिष्ट व्यक्तियों (वीआईपी और वीवीआईपी) के सुरक्षा प्रोटोकॉल का विवरण दिया गया है।
मुख्यमंत्री को मिलती है जेड श्रेणी सुरक्षा : 'जेड' श्रेणी की सुरक्षा के तहत गुप्ता की सुरक्षा में लगभग 22 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे, जिनमें निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ), सुरक्षा दस्ते, निगरानी दल के अलावा और लगभग 8 सशस्त्र गार्ड शामिल होंगे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह सुरक्षा आमतौर पर शीर्ष स्तरीय राजनीतिक हस्तियों को दी जाती है। पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को भी उनके कार्यकाल के दौरान 'जेड' श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई थी।
ALSO READ: रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री, 4 CM दावेदारों समेत 6 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
पहली बार विधायक बनी हैं गुप्ता : दो बार चुनाव हार भी चुकी हैं शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली विधायक बनीं रेखा गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। हालांकि वे इसी सीट से 2015 और 2020 में विधानसभा चुनाव हार भी चुकी हैं। उन्होंने दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह समेत कई भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद थे। (एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala