• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Rain in many states of the country, relief from scorching heat
Written By
Last Updated : रविवार, 7 जून 2020 (08:49 IST)

Weather update : देश के कई राज्‍यों में हुई बारिश, भीषण गर्मी से मिली राहत

Weather update : देश के कई राज्‍यों में हुई बारिश, भीषण गर्मी से मिली राहत - Rain in many states of the country, relief from scorching heat
नई दिल्‍ली। दिल्ली, उत्‍तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत देश के कई राज्यों में शनिवार को बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। राजधानी दिल्‍ली के कई इलाकों में आज सुबह तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी से एक बार फिर मौसम सुहावना हो गया है। दक्षिण पश्चिमी मानसून दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ रहा रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्‍ली-एनसीआर में आने वाले कुछ दिनों तक मौसम के ऐसे ही रहने की संभावना है। कई इलाकों में बादल छाए रहने और हवा चलने से तापमान में गिरावट आई है। उत्‍तर प्रदेश, उत्‍तराखंड, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्‍थान के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

विभाग ने कहा कि अनुकूल परिस्थितियां मिलने के कारण दक्षिण पश्चिम मानसून आगे बढ़ रहा है।विभाग ने आगामी पांच दिनों के दौरान लू नहीं चलने का अनुमान व्यक्त किया है। बंगाल की खाड़ी के कम दबाव के चलते नमी से भरी पूर्वी हवाओं के कारण 12 जून और 13 जून को दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना है।

अगले 24 घंटों के दौरान केरल और दक्षिणी तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की उम्मीद है। वहीं पश्चिमी हिमालय, पंजाब, कोंकण और गोवा, गुजरात क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश और दक्षिणी राजस्थान में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मुंबई और आसपास के इलाकों में शनिवार को प्री-मॉनसून बारिश हुई। यहां बादल छाए रहने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं झारखंड में ज्यादातर इलाकों में रविवार को बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं।

उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में पिछले कई दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है। पहाड़ों पर रोजाना हो रही बारिश के चलते भूस्खलन का दौर शुरू हो गया है। दक्षिण पश्चिमी मानसून दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ रहा रहा है। कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और बंगाल की खाड़ी के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं।
हरियाणा और पंजाब में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 6 डिग्री कम है। राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित राज्य के कई हिस्सों में शनिवार को बादल छाए रहे, जिससे अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
ये भी पढ़ें
जानिए लद्दाख में चीनी सेना की घुसपैठ का क्या है कोरोना वायरस से संबंध