• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Rahul Gandhi, Gujarat assembly election
Written By
Last Updated : सोमवार, 13 नवंबर 2017 (23:10 IST)

राहुल गांधी बोले, मैं भगवान शिव का भक्त हूं...

राहुल गांधी बोले, मैं भगवान शिव का भक्त हूं... - Rahul Gandhi, Gujarat assembly election
बेचराजी (गुजरात)। गुजरात में अपने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान मंदिरों की यात्रा करके हिंदुत्व कार्ड खेलने के आरोपों का सामना कर रहे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि वह भगवान शिव के भक्त हैं।
 
सितम्बर में द्वारकाधीश मंदिर में पूजा करके अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करने के बाद से कई मंदिरों में पूजा कर चुके राहुल ने आज पाटन में वीर मेघ माया, वारना में खोडियार मां और मेहसाणा जिले के बेचराजी में मां बहुचार जी के दर्शन किए।
 
विभिन्न मंदिरों की अपनी यात्रा को लेकर भाजपा द्वारा की जा रही आलोचना के बारे में पूछे जाने पर राहुल ने कहा, मैं भगवान शिव का भक्त हूं। वे जो कुछ भी कहना चाहते हैं, उन्हें कहने दीजिए। मेरी सच्चाई मेरे साथ है। कांग्रेस पर मुस्लिमों के तुष्टीकरण का आरोप अक्सर लगाने वाली भाजपा ने राहुल के विभिन्न मंदिरों में जाने को हिन्दू मतदाताओं को आकर्षित करने का प्रयास बताया है। हालांकि कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा का 'भक्ति पर पेटेंट' नहीं है।
 
राहुल ने अक्षरधाम मंदिर में पूजा करके गत शनिवार को उत्तरी गुजरात से अपने दौरे की शुरुआत की थी। उन्होंने प्रसिद्ध अम्बाजी मंदिर में भी पूजा की। वे कल भी दो मंदिरों में गए थे।
 
भाजपा के गुजरात प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने कहा, हम मंदिरों में जाने के खिलाफ नहीं हैं। हम कामना करते हैं कि हर शख्स मंदिर जाए और हमारी परम्पराओं का अनुसरण करें, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि वे (गांधी) दिल्ली में रहते हैं और वहां कई मंदिर हैं। क्या वे दिल्ली में किसी मंदिर में गए हैं? क्या वे दिल्ली में स्थित अक्षरधाम मंदिर में गए हैं? कांग्रेस ने आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा था कि भाजपा का भक्ति पर और मंदिरों में जाने पर कोई पेटेंट नहीं है।
 
कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल ने कहा, राहुल गांधी जैन मंदिर और गुरुद्वारा के अलावा हिन्दू मंदिरों में भी गए। हम धर्मनिरपेक्षता में विश्वास रखते हैं। (भाषा)
ये भी पढ़ें
राहुल बोले, आंखों में तूफान..साहेब अंजान क्यों हैं...