1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Priyanka remembers Indira Gandhi

इंदिरा गांधी की पोती हूं, जनता के सामने सच्चाई रखती रहूंगी: प्रियंका

Indira Gandhi
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आगरा जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग की ओर से हाल में दिए गए नोटिस को लेकर शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार अपने विभागों के माध्यम से चाहे जितनी धमकी दे ले, लेकिन वह इंदिरा गांधी की पोती हैं और जनता के प्रति कर्तव्य निभाते हुए उनके सामने सच्चाई रखती रहेंगी।
 
उन्होंने ट्वीट किया, 'जनता के एक सेवक के रूप में मेरा कर्तव्य यूपी की जनता के प्रति है, और वह कर्तव्य सच्चाई को उनके सामने रखने का है। किसी सरकारी दुष्प्रचार को आगे रखना नहीं है।'
 
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने कहा, 'उप्र सरकार अपने अन्य विभागों द्वारा मुझे फिज़ूल की धमकियां देकर अपना समय व्यर्थ कर रही है। जो भी कार्यवाही करना चाहते हैं, बेशक करें। मैं सच्चाई सामने रखती रहूंगी। मैं इंदिरा गांधी की पोती हूं, कुछ विपक्ष के नेताओं की तरह भाजपा की अघोषित प्रवक्ता नहीं।'
 
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने प्रियंका को कानपुर स्थित बालिका संरक्षण गृह से जुड़े मामले पर 'भ्रामक' टिप्पणी करने के आरोप में गुरुवार को एक नोटिस भेजा और उनसे 3 दिन के अंदर जवाब मांग है।
 
नोटिस में कहा गया है कि अगर वह अपनी पोस्ट का खंडन नहीं करती हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
 
कुछ दिनों पहले आगरा के एक मेडिकल कॉलेज में 48 घंटे के भीतर 28 लोगों की मौत के दावे को लेकर प्रियंका द्वारा किए गए ट्वीट पर भी जिला प्रशासन ने उन्हें नोटिस जारी किया था। (भाषा)
अगला लेख
कोरोनावायरस live Updates : महाराष्ट्र में एक मस्जिद को कोविड-19 केंद्र में बदला