शनिवार, 5 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Number of people filing GST returns increased to 1.13 crore
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , रविवार, 17 दिसंबर 2023 (14:41 IST)

GST रिटर्न भरने वालों की संख्या 1.13 करोड़ हुई, 5 साल में 65 फीसदी बढ़ी

GST रिटर्न भरने वालों की संख्या 1.13 करोड़ हुई, 5 साल में 65 फीसदी बढ़ी - Number of people filing GST returns increased to 1.13 crore
Number of people filing GST returns increased : करदाताओं के अनुपालन में सुधार के कारण अप्रैल, 2023 तक 5 वर्षों में जीएसटी रिटर्न दाखिल करने वालों की संख्या लगभग 65 प्रतिशत बढ़कर 1.13 करोड़ हो गई। जीएसटी में प्रभावी नीति और प्रणालीगत बदलावों के कारण पिछले कुछ वर्षों में जीएसटी रिटर्न दाखिल करने में अनुपालन स्तर में सुधार हुआ है।
 
वित्त मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) के तहत पंजीकृत सक्रिय करदाताओं की संख्या बढ़कर 1.40 करोड़ हो गई जो अप्रैल 2018 में 1.06 करोड़ थी। मंत्रालय ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में फाइलिंग माह के अंत तक 90 प्रतिशत पात्र करदाता जीएसटीआर-3बी रिटर्न दाखिल कर रहे हैं। यह आंकड़ा जीएसटी लागू होने के पहले वर्ष 2017-18 में 68 प्रतिशत था।
 
मंत्रालय ने सोशल नेटवर्किंग मंच एक्स पर पोस्ट किया, जीएसटी नियमों और प्रक्रियाओं में सरलीकरण के परिणामस्वरूप पात्र करदाताओं द्वारा रिटर्न दाखिल करने का प्रतिशत बढ़ गया है। एक जुलाई, 2017 को राष्ट्रव्यापी जीएसटी लागू किया गया था। इसमें उत्पाद शुल्क, सेवा कर और वैट जैसे एक दर्जन से अधिक स्थानीय करों को शामिल किया गया था।
 
जीएसटीआर-3बी दाखिल करने वालों की संख्या अप्रैल, 2018 में 72.49 लाख से बढ़कर अप्रैल, 2023 तक 1.13 करोड़ हो गई। जीएसटीआर-3बी बाहरी आपूर्ति विवरण और कर भुगतान दाखिल करने के लिए मासिक रिटर्न फॉर्म है। मंत्रालय ने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में कहा, जीएसटी में प्रभावी नीति और प्रणालीगत बदलावों के कारण पिछले कुछ वर्षों में जीएसटी रिटर्न दाखिल करने में अनुपालन स्तर में सुधार हुआ है।
 
मंत्रालय ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में रिटर्न फाइलिंग में वृद्धि अनुपालन स्तर में सुधार का संकेत देती है। नवंबर में मासिक जीएसटी संग्रह 1.68 लाख करोड़ रुपए रहा। चालू वित्त वर्ष में यह छठी बार है कि मासिक सकल जीएसटी संग्रह 1.60 लाख करोड़ रुपए को पार कर गया है। अप्रैल में जीएसटी संग्रह रिकॉर्ड 1.87 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया था। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour 
ये भी पढ़ें
Naxal Attack : सुकमा में नक्सलियों से मुठभेड़, CRPF का सब इंस्पेक्टर शहीद, एक जवान घायल