• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Noteban, Rahul Gandhi
Written By
Last Modified: अल्मोड़ा , शुक्रवार, 23 दिसंबर 2016 (22:30 IST)

नोटबंदी एक आर्थिक डकैती : राहुल गांधी

नोटबंदी एक आर्थिक डकैती : राहुल गांधी - Noteban, Rahul Gandhi
अल्मोड़ा। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने नोटबंदी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि नोटबंदी एक आर्थिक डकैती है। गांधी ने अल्मोड़ा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सिर्फ एक प्रतिशत लोगों के लिए काम कर रहे हैं। मोदी ने किसानों का कर्जा माफ नहीं किया, उल्टे किसानों की जमीनें छीन लीं। उन्होंने कहा कि मोदीजी किसान विरोधी, गरीब विरोधी हैं। ये वही लोग हैं जो उनके साथ जहाज में बैठकर विदेश जाते हैं।
गांधी ने कहा कि नोटबंदी के कारण सौ से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। मोदी ने 100 लोगों की याद में दो मिनट संसद में खड़ा नहीं होने दिया। उन्होंने मोदी सरकार पर देवभूमि के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड के हक के सात हजार करोड़ नहीं दिए। उन्होंने कहा कि मोदी ने मजदूरों का मजाक उड़ाया और मनरेगा के तहत रोजगार को छीन लिया।
 
कांग्रेस उपाध्यक्ष गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में हमेशा साथ खड़ी रहती है। उत्तराखंड को सात हजार करोड़ रुपए मोदी सरकार ने नहीं दिए जिस पर आपका हक है। कांग्रेस पार्टी ने मोदीजी से सिर्फ तीन मांग की थी, कर्ज माफ, बिजली बिल हाफ और अनाज का सही दाम। मोदी ने लोगों से मनरेगा छीना। हिन्दु्स्तान के मजदूरों को कहा कि वे गड्ढे खोदते हैं।
 
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में आदिवासियों के खिलाफ युद्ध छेड़ रखा है। हिन्दुस्तान को दो भागों में बांट रखा है। एक तरफ हिन्दुस्तान के सुपर रीच 1 प्रतिशत लोग 50 परिवार। दूसरी तरफ 99 फीसदी लोग गरीब हैं। पिछले ढाई साल में नरेंद्र मोदी सरकार ने एक फीसदी लोगों को फायदा पहुंचाया है। ये वही लोग हैं जो आपके साथ ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जाते हैं। कालाधन हिन्दुस्तान के 99 फीसदी लोगों के पास नहीं है। उन्होंने मोदी से पूछा कि उन्होंने कितने कालेधन रखनेवालों को जेल में डाला। गांधी ने कहा कि मोदी ने उत्तराखंड में टूरिज्म को खत्म कराया। नोटबंदी के बाद उत्तराखंड से टूरिस्ट भाग गए। उन्होंने कहा कि नोटबंदी गरीबों और मजदूरों पर बमबारी की तरह है। उन्होंने कहा कि सरकार के फैसले से किसानों को नुकसान हुआ है।  (वार्ता)
ये भी पढ़ें
पुलिस ने हार्दिक पटेल को हवाई अड्डे से वापस उदयपुर भेजा