Last Updated :नई दिल्ली , रविवार, 12 मार्च 2017 (21:13 IST)
जनता के पवित्र आदेश को पूरा करेगी भाजपा : नरेन्द्र मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत दिलाने वाले मतदाताओं को आज विश्वास दिलाया कि पार्टी की सरकारें उनकी आशा और आकांक्षाओं पर खरा उतरेगी और सवा सौ करोड़ देशवासियों को लेकर नए भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ेगी।
मोदी ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मिली ऐतिहासिक जीत पर यहां पार्टी मुख्यालय में उनके सम्मान में आयोजित समारोह में कहा कि पार्टी को 'अकल्पनीय मतदान' के बाद यह अकल्पनीय भारी विजय मिली है और वह इसे नए हिंदुस्तान की नई नींव रखे जाने के रूप में देखते हैं। उन्होंने कहा 'यह जीत भाजपा के लिए एक 'पवित्र आदेश' है और हम आदेश को पूरा करेंगे।'
प्रधानमंत्री ने इस मौके पर गरीब और मध्यम वर्ग की सराहना की और कहा कि उनके साथ मिलने से देश काे नई ऊंचाइयों पर ले जा सकता है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को इस जीत से किसी तरह का अहंकार नहीं पालने की नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता सेवा करने करने का अवसर होती है और वे अधिक नम्र बनकर लोगों की सेवा करें। उन्होंने कहा, 'प्रकृति प्रेरणा देती है। बड़े से बड़ा पेड भी फल लगने पर झुक जाता है। भाजपा का सबसे ज्यादा झुकने और अधिक नम्र बनने का जिम्मा बनता है।'
मोदी ने कहा कि भाजपा ने इन चुनावों में विकास को मुद्दा बनाया था जबकि सभी पिछले 50 साल से विकास के इस मुद्दे को जनता के सामने ले जाने से कतराते रहे हैं। विकास के मुद्दे पर इतनी बड़ी संख्या में गरीबों के आगे आने से उन्हें एक नया हिंदुस्तान दिखाई दिया है। विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के नतीजों को नए हिंदुस्तान की नई नींव के रूप में देखते हैं। इस बात का मूल्यांकन होना चाहिए कि यह सब कैसे हुआ।
उन्होंने कहा कि आजादी के 75वीं साल गिरह तक हर इंसान को जोड़कर विकास का आंदोलन तैयार करना है। इन पांच राज्यों के नतीजों ने इस बल दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें एक ऐसा नया हिंदुस्तान दिखाई दे रहा है जिसमें गरीबों में कुछ पाने की बजाए अवसर पाने की चाह है और यह एक बड़ा बदलाव है। गरीब बिना कुछ पाने की मानसिकता छोड़ चुके हैं, वे अवसर चाहते हैं और मेहनत करके कुछ पाना चाहते हैं और यही नए हिंदुस्तान की नींव है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि परिणाम के बाद वह इस दायरे में नहीं सोचते कि कौन हारा, कौन जीता और किसने किसे परास्त किया। उनके दिमाग में सवा सौ करोड़ देशवासी हैं और सबको साथ लेकर आगे बढ़ना है।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि भाजपा की सरकारें किसी के साथ भेदभाव नहीं करेंगी। उनका कहना था कि लोकतंत्र में सरकार बनती बहुमत से है लेकिन चलती सर्वमत से है और किसी भी सरकार को भेदभाव करने करने का हक नहीं है। जिन्होंने वोट दिया, सरकार उनकी भी है और जिन्होंने नहीं दिया उनकी भी है।
प्रधानमंत्री ने गरीबों को ज्यादा अवसर उपलब्ध कराने और हर क्षेत्र में उन्हें आगे बढ़ाने की जरूरत बताते हुए कहा कि वे देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने मध्यम वर्ग की सराहना करते हुए कहा कि वह सबसे अधिक आर्थिक और नैतिक बोझ सहन करता है। उस पर यह बोझ कम होना चाहिए। गरीब को अगर ताकत मिलेगी तो मध्यम वर्ग का भी बोझ हट जाएगा।
उन्होंने मतदाताओं को विश्वास दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी पर उन्होंने जो भरोसा किया है उसके नेता और कार्यकर्ता उनकी आशा और आंकाक्षांओं को पूरा करने में कोई कमी नहीं रखेंगे और अच्छा से अच्छा करने का भरपूर प्रयास करेंगे।
मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि आज भाजपा जिस स्थान पर पहुंची है वह पिछली चार पीढियों के त्याग, तपस्या और कठिन परिश्रम का फल है। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिस विचार के लिए अपना पसीना बहाया और उनकी निष्ठा और मेहनत से ही यह विचार इस मुकाम पर पहुंचा है और आज उत्तर प्रदेश का चुनाव परिणाम उनके लिए एक संवेदनशील मुद्दा बन गया है। उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय की कर्मभूमि भी रही है। उनका अंत्योदय का सिद्धांत और चिंतन गरीब के कल्याण के लिए उन्हें सामर्थ्य दे रहा है।
उन्होंने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की भी प्रशंसा की और कहा कि उनकी टीम ने भाजपा को दुनिया की सबसे बडी पार्टी बना दिया है। उन्होंने कहा कि जनतंत्रीय ढंग से किसी पार्टी को देश के हर कोने में पहुंचाना और समाज के हर तबके को जोड़कर उनकी सेवा करना भी लोकतंत्र की सबसे बड़ी सेवा है। (वार्ता)