• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Narendra Modi, Lok Sabha election, Assembly election
Written By
Last Modified: मंगलवार, 7 फ़रवरी 2017 (22:29 IST)

प्रधानमंत्री ने की लोकसभा, विधानसभा चुनाव साथ कराने पर आम राय बनाने की अपील

Narendra Modi
नई दिल्ली। लोकसभा और विधानसभाओं का चुनाव एक साथ कराने के मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों से आम राय बनाने की पहल करने की अपील करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि चुनावों के कारण भारत जैसे गरीब देश पर आर्थिक बोझ बढ़ता है और सुरक्षाबलों का दायित्व भी बढ़ जाता है, इसलिए सभी को इस विषय पर विचार करना चाहिए।
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए मोदी ने कहा कि राष्ट्रपतिजी ने हम सबसे आह्वान किया है कि लोकसभा, विधानसभा चुनाव को एक साथ कराने पर विचार करने का समय आ गया है। हर किसी को थोड़ा नुकसान होगा, लेकिन राजनीतिक तराजू पर नहीं तोलें। गंभीरता से सभी को सोचना होगा।
 
मोदी ने कहा कि हर साल 4-5 चुनाव होते हैं। अध्यापकों को लगना पड़ता है। शिक्षा को नुकसान होता है। खर्च भी बढ़ रहा है। 2009 के लोकसभा चुनाव में 1100 करोड़ रुपए खर्च हुआ था जबकि 2014 में 4000 करोड़ से ज्यादा खर्च हुए।
 
उन्होंने कहा कि इस गरीब देश पर कितना बोझ पड़ रहा है। दुश्मन देश हमारे खिलाफ साजिश करते रहते हैं, इसके साथ आतंकवाद, प्राकृतिक आपदाओं के कारण सुरक्षाबलों के सामने चुनौती है। इस स्थिति में भी इन बलों को चुनाव प्रबंधन में बड़े स्तर पर लगाना पड़ रहा है।
 
प्रधानमंत्री ने कहा, कोई एक पार्टी ऐसा नहीं कर सकती, सरकार तो कर ही नहीं सकती। हमें मिलकर रास्ता खोजना होगा। दिव्यदृष्टा के रूप में जिम्मेदार, अनुभवी लोगों को रास्ता खोजना होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के इस सुझाव को आगे बढ़ाना चाहिए। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
गरीब कल्याण योजना में सरकार ने दी यह छूट