• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Latest weather news for 29 march 2025 in India
Last Updated : शनिवार, 29 मार्च 2025 (09:11 IST)

Weather Update: अप्रैल में पड़ेगी भीषण गर्मी की मार, इन राज्यों में पारा होगा 40 पार

आईएमडी के अनुसार पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्यप्रदेश जैसी जगहों के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, हालांकि कई जगहों पर बारिश भी हो सकती है। बीती रात दिल्ली के कई इलाकों में तेज हवाएं चली

Heat
Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मार्च माह के समापन के साथ  ही  कई इलाकों में तेजी से तापमान बढ़ने लगा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में तापमान में काफी बढ़ोतरी देखने को मिली है, वहीं पहाड़ों पर अभी गर्मी की शुरुआत हो रही है। आईएमडी के अनुसार पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्यप्रदेश जैसी जगहों के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, हालांकि कई जगहों पर बारिश (rain) भी हो सकती है। बीती रात दिल्ली के कई इलाकों में तेज हवाएं चली जिससे मौसम में ठंडक आ गई।ALSO READ: Weather Update: गर्मी के तेवर हुए तीखे, दिल्ली में धूलभरी हवाओं का कहर, 8 राज्यों में बारिश की संभावना
 
दिल्ली में दिल्ली में तापमान 34-37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा : आईएमडी (IMD) के अनुसार राजधानी दिल्ली में 30-31 मार्च 2025 तक तापमान 34-37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, वहीं न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने वाला है। 1-2 अप्रैल 2025 तक गर्मी काफी बढ़ जाएगी। इसके अलावा राजधानी दिल्ली में 3-4 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 38-39 डिग्री सेल्सियस तक रहने वाला है, वहीं न्यूनतम तापमान 22-26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।
 
पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी : पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर में 2-3 दिन से बाद छाए हुए हैं। गुलमर्ग समेत घाटी के ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिली है। इसके अलावा गुलमर्ग में भी ठंडक बनी रहेगी। उत्तराखंड की बात करें तो राज्य में अप्रैल के पहले हफ्ते में गर्मी देखने को मिलेगी, वहीं शनिवार 29 मार्च 2025 को मौसम शुष्क रहने वाला है। पहाड़ों तक चटख धूप खिली रह सकती है। हिमाचल प्रदेश में अगले 5 दिन तक मौसम साफ रहने वाला है।ALSO READ: Weather Update: उत्‍तर भारत में भीषण गर्मी, पहाड़ों पर बर्फबारी, कई राज्यों में वर्षा की संभावना
 
इन जगहों पर हीटवेव का अलर्ट : 'स्काईमेट' के मुताबिक पिछले 2-3 दिनों में तेलंगाना, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्रप्रदेश और ओडिशा के कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच रहा है। ओडिशा में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जो सामान्य से 4-5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। इन प्रदेशों में भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में इन राज्यों में गर्मी अधिक मुसीबत बढ़ा सकती है।
 
पश्चिमी विक्षोभ निचले से ऊपरी क्षोभमंडल स्तर तक सक्रिय : पश्चिमी विक्षोभ निचले से ऊपरी क्षोभमंडल स्तर तक सक्रिय है जिसकी धुरी समुद्र तल से लगभग 5.8 किमी ऊंचाई पर 68° पूर्व देशांतर और 25° उत्तरी अक्षांश के उत्तर में स्थित है। एक चक्रवाती परिसंचरण मध्य पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में बना हुआ है। उत्तर-दक्षिण ट्रफ रेखा उत्तरी-मध्य महाराष्ट्र से उत्तर केरल तक आंतरिक कर्नाटक होते हुए गुजर रही है। एक और चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पूर्व असम और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 से 3.1 किमी समुद्र तल से ऊपर स्थित है।
 
पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में हुई मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटे के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान सहित उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक कम हुआ है। गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई जबकि कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी दर्ज की गई। केरल और आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई।ALSO READ: ओडिशा में भीषण गर्मी, बोलांगीर सबसे गर्म, बदलेगा स्कूल का समय
 
आज शनिवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज शनिवार, 29 मार्च (Saturday, March 29) को गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है। हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, केरल और दक्षिणी कर्नाटक के तटीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
 
अगले 2 दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्यभारत में अधिकतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में ठंड बढ़ने की संभावना है जबकि दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिलेगी।(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta