• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Latest weather news for 24 January 2025 in India
Last Updated : शुक्रवार, 24 जनवरी 2025 (09:13 IST)

Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, कई राज्यों में घना कोहरा, IMD का अलर्ट

दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर है, उत्तराखंड और हिमाचल में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई, 26 जनवरी तक दिल्ली में कोहरा छाए रहने की संभावना है

Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, कई राज्यों में घना कोहरा, IMD का अलर्ट - Latest weather news for 24 January 2025 in India
Weather Update: सारे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड (Severe cold) जारी है। कई राज्यों में घने कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक पड़ रहा है। इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में बारिश होने का अलर्ट (alert) भी जारी कर दिया है, वहीं कई राज्यों में सूरज की तपिश के कारण तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है जिसके चलते लोगों को जनवरी में भी हल्की गर्मी और उमस का अहसास होने लगा है। ऐसे में अगर बारिश होती है तो तापमान में तेजी से गिरावट हो सकती है। अत: जानते हैं कि किन-किन राज्यों में मौसम विभाग को बारिश होने का अंदेशा है।ALSO READ: Weather Update: बदला मौसम का मिजाज, 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट, अभी और हाड़ कंपाएगी ठंड
 
जनवरी के आखिरी हफ्ते में बुधवार की रात और गुरुवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट बदला। झमाझम बारिश ने पूरे दिल्ली-एनसीआर के मौसम को बदल दिया। बारिश से लोगों को कड़ाके की ठंड की उम्मीद थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग ने बताया कि 24 घंटे पहले हुई बारिश की वजह से पूरे उत्तर भारत में कोहरा फिर से दस्तक देने वाला है, वहीं मौसम विभाग में असम और अरुणाचल प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है।
 
पहाड़ों पर भारी बर्फबारी : मौसम विभाग ने बताया कि पहाड़ों पर बदलते मौसमी घटनाओं की वजह से बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग की माने तो उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को नई बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम विभाग में हिमाचल प्रदेश में ग्राउंड फ्रॉस्ट और शीतलहर की संभावना जताई है, वहीं अरुणाचल प्रदेश में बिखरी हुई बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान फिर माइनस में जाने की संभावना है।ALSO READ: Weather Update: दिल्ली से पंजाब तक हुई बारिश, अब और पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD ने किया अलर्ट
 
संपूर्ण भारत का तापमान : आईएमडी के अनुसार पूरे उत्तर भारत में तापमान अपने चरम पर बना हुआ है। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान और महाराष्ट्र के कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। पूर्वी राजस्थान, दार्जिलिंग, सिक्किम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तरप्रदेश, बिहार और मध्यप्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है, वहीं हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली आदि क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक बना है। सबसे कम न्यूनतम तापमान तेलंगाना और कर्नाटक वाले क्षेत्र में दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से. 1.6 डिग्री सेल्सियस से -3 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
 
हिमाचल के ऊना के निचले इलाकों में रही शीतलहर की स्थिति : शिमला से मिले समाचारों के अनुसार हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क रहा तथा राज्य के ऊना और बर्थिन के निचले इलाकों में शीतलहर की स्थिति दर्ज की गई और बिलासपुर में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई। स्थानीय मौसम कार्यालय ने गुरुवार को राज्य के मध्य और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और हिमपात का पूर्वानुमान व्यक्त किया है तथा ऊना और हमीरपुर जिलों में शीतलहर संबंधी 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
 
विभाग ने 23 जनवरी को देर रात और 24 जनवरी को सुबह के समय बिलासपुर और मंडी जिलों में घना कोहरा छाए रहने का भी अनुमान जताया है। जनजातीय लाहौल और स्पीति का ताबो रात में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। राज्य में 1 से 23 जनवरी तक 57.3 मिमी सामान्य वर्षा के मुकाबले 14.7 मिमी औसत वर्षा हुई, जो 74 प्रतिशत कम है।
 
झारखंड में शनिवार से तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा : रांची से मिले समाचारों के अनुसार झारखंड में शनिवार से ठंड फिर से बढ़ने की संभावना है, क्योंकि भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट का अनुमान लगाया है। राज्य के कुछ जिलों को छोड़कर अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है। गुरुवार को झारखंड के गुमला में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।ALSO READ: Weather Update: दिल्ली से पंजाब तक हुई बारिश, अब और पड़ेगी कड़ाके की ठंड, IMD ने किया अलर्ट
 
राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। जमशेदपुर और बोकारो में न्यूनतम तापमान क्रमश: 12.8 डिग्री और 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि 24 जनवरी तक तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि इसके बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
 
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार रांची का न्यूनतम तापमान 25 जनवरी को 11 डिग्री और 26 जनवरी को 10 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। आनंद ने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार को झारखंड के उत्तरी और मध्य हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।
 
सर्दी को देखते हुए रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बुधवार देर रात अल्बर्ट एक्का चौक, काली मंदिर चौक, डेली मार्केट पार्किंग और दुर्गा मंदिर रतू रोड जैसे विभिन्न स्थानों पर बेघर और सड़क किनारे रहने वाले लोगों को कंबल वितरित किए। एक अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी प्रमुख चौराहों और सभी प्रखंडों में अलाव की व्यवस्था की गई है। प्रखंडों में पहले ही कंबल वितरित किए जा चुके हैं।
 
चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय : पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। दक्षिणपूर्व राजस्थान में भी एक चक्रवाती परिसंचरण स्थित है। समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर 135 नॉट तक की कोर हवाओं के साथ उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम उत्तर पश्चिम भारत में बह रही हैं।ALSO READ: यूपी से राजस्थान तक कड़ाके की ठंड, डल झील जमी, लद्दाख में पारा शून्य से 19 डिग्री नीचे
 
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश हुई। दक्षिण हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में छिटपुट हल्की बारिश और गरज के साथ छींटें पड़े। पूर्वी उत्तर प्रदेश, गंगा-पश्चिम बंगाल, असम, त्रिपुरा, बिहार और ओडिशा के कुछ हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा देखा गया। न्यूनतम तापमान गुजरात और पश्चिमी राजस्थान में गिरा।
 
अगले 24 घंटों के दौरान मौसम की संभावित गतिविधि : अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है। अरुणाचल प्रदेश में बिखरी हुई बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पश्चिमी उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह और लक्षद्वीप के दक्षिणी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
 
उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे गिरने की संभावना है। पूर्वी भारत में अगले 2 दिनों तक न्यूनतम तापमान बढ़ेगा और इसके बाद गिरावट होगी। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंड की लहर की स्थिति बन सकती है। झारखंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उत्तर राजस्थान, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और ओडिशा में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है।(एजेंसियां)(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
कौन है मुकेश जिसकी वजह से बाहुबली अनंतसिंह से भिड़ गई सोनू मोनू गैंग?