शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Justice Dhulia, Justice Pardiwala take oath as judges of the Supreme Court
Written By
Last Updated : सोमवार, 9 मई 2022 (14:03 IST)

न्यायमूर्ति धूलिया, न्यायमूर्ति पारदीवाला ने उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों के तौर पर ली शपथ

न्यायमूर्ति धूलिया, न्यायमूर्ति पारदीवाला ने उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों के तौर पर ली शपथ - Justice Dhulia, Justice Pardiwala take oath as judges of the Supreme Court
नई दिल्ली। गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया और गुजरात उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति जमशेद बी पारदीवाला ने सोमवार को यहां उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के तौर पर शपथ ली।

भारत के प्रधान न्यायाधीश एनवी रमण ने शीर्ष अदालत के अतिरिक्त भवन परिसर के नवनिर्मित सभागार में एक समारोह के दौरान न्यायमूर्ति धूलिया और न्यायमूर्ति पारदीवाला को पद की शपथ दिलाई।

न्यायमूर्ति धूलिया और न्यायमूर्ति पारदीवाला की नियुक्ति के साथ ही शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों की कुल संख्या फिर से 34 हो गई है। न्यायमूर्ति आर सुभाष रेड्डी के इस साल चार जनवरी को सेवानिवृत्त होने से उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या 32 हो गई थी। उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 34 है।
उच्चतम न्यायालय के सदस्यों की नियुक्ति की प्रक्रिया से वाकिफ सूत्रों ने बताया कि न्यायमूर्ति पारदीवाला दो साल से अधिक समय तक प्रधान न्यायाधीश के रूप में काम करेंगे।

उत्तराखंड से पदोन्नत होने वाले दूसरे न्यायाधीश न्यायमूर्ति धूलिया राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित फिल्म निर्देशक और अभिनेता तिग्मांशु धूलिया के भाई हैं। उनका कार्यकाल तीन साल से थोड़ा अधिक होगा।(भाषा)