1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. IndiGo removes fuel charge on tickets

इंडिगो का बड़ा फैसला, 1,000 रुपए तक सस्ती होगी हवाई यात्रा

Indigo
  • विमान ईंधन की कीमतों में कमी के बाद इंडिगो का बड़ा फैसला
  • टिकटों पर नहीं वसूलेगी ईंधन शुल्क
  • 6 अक्टूबर, 2023 से ले रही थी ईंधन शुल्क
Indigo removes fuel charge :  देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने विमान ईंधन की कीमतों में कमी के बाद गुरुवार से ईंधन शुल्क वसूलना बंद करने की घोषणा की है। इससे कुछ लंबे मार्गों पर हवाई किराये में 1,000 रुपए तक की कमी आएगी।
 
एयरलाइन ने एटीएफ की कीमतों में उछाल के बाद 6 अक्टूबर, 2023 से ईंधन शुल्क वसूलना शुरू किया था। दूरी के आधार पर ईंधन शुल्क की मात्रा 300 रुपए से लेकर 1,000 रुपए तक तय की गई थी। एटीएफ की कीमतों में हालिया कटौती के बाद चार जनवरी से विमान टिकट पर ईंधन शुल्क हटा दिया गया है।
 
इंडिगो की ओर से जारी बयान के अनुसार कि एटीएफ की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहता है..इसलिए हम कीमतों या बाजार स्थितियों में किसी भी बदलाव से निपटने के लिए अपने किराये और उसके घटकों को समायोजित करना जारी रखेंगे।
 
ईंधन किसी एयरलाइन की परिचालन लागत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इंडिगो ने पिछले साल एटीएफ की कीमतों में बढ़ोतरी की भरपाई के लिए ईंधन शुल्क लगाने की घोषणा की थी। यह कदम उठाने वाली वह पहली विमानन कंपनी थी।
 
यदि उड़ान की दूरी 500 किलोमीटर तक हो तो प्रत्येक यात्री से 300 रुपए का ईंधन शुल्क लिया जाता था और 501-1,000 किलोमीटर की दूरी के लिए यह राशि 400 रुपए थी। ईंधन शुल्क 1,001-1,500 किलोमीटर के लिए 550 रुपए, 1,501-2,500 किलोमीटर के लिए 650 रुपए और 2,501-3,500 किलोमीटर के लिए 800 रुपए था।
 
वहीं 3,501 किलोमीटर तथा उससे अधिक के लिए यह राशि 1,000 रुपए थी। ईंधन शुल्क हटने से इंडिगो की विमान टिकट की कुल कीमत कम से कम 300 रुपए से 1,000 रुपए तक कम हो जाएगी।
 
नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पिछले महीने लोकसभा को सूचित किया था कि हवाई किराया सरकार द्वारा न तय और न ही विनियमित किया जाता है। (भाषा)
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
पंजाब में बोर्ड की परीक्षाएं 13 फरवरी से होंगी शुरू