1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Heat wave will continue in eastern India for the next 5 days
Last Updated : मंगलवार, 23 अप्रैल 2024 (09:35 IST)

IMD ने जारी किया अलर्ट, पूर्वी भारत में अगले 5 दिन तक जारी रहेगी हीट वेव

तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा

weather update
Heat wave : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने नई दिल्ली में सोमवार को कहा कि पूर्वी भारत के बड़े हिस्से में हीट वेव (loo) अगले 5 दिन तक जारी रहेगी। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में हीट वेव (Heat wave) की स्थिति है और यह इस महीने में दूसरी बार है।

 
मौसम विभाग के अनुसार 15 अप्रैल से ओडिशा में और 17 अप्रैल से पश्चिम बंगाल में गंगा के किनारे वाले क्षेत्रों में हीट वेव की स्थिति बनी हुई है। इसने कहा कि तटीय आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, गोवा, केरल, पश्चिम बंगाल और बिहार में उच्च आर्द्रता लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। पूर्वी मध्यप्रदेश में 22 अप्रैल और 23 अप्रैल को रात का तापमान काफी अधिक होने की संभावना है। रात में अधिक तापमान खतरनाक माना जाता है, क्योंकि शरीर को ठंडा होने का मौका नहीं मिलता है।
 
4 से 8 दिन हीट वेव रहने की संभावना : मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल में देश के विभिन्न हिस्सों में सामान्यतः 1 से 3 दिन की अवधि की तुलना में 4 से 8 दिन हीट वेव रहने की संभावना है। पूरे अप्रैल-जून की अवधि में सामान्यतः 4 से 8 दिन की तुलना में 10 से 20 दिन तक हीट वेव की संभावना है।

 
हीट वेव की स्थिति कब पैदा होती है? : हीट वेव की स्थिति तब पैदा होती है, जब मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस, तटीय क्षेत्रों में 37 डिग्री और पर्वतीय क्षेत्रों में 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है और यह सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस अधिक होता है। गंभीर हीट वेव की घोषणा तब की जाती है, जब अधिकतम तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक होता है।
 
भीषण गर्मी से विद्युत ग्रिड पर दबाव पड़ सकता है : मध्यप्रदेश, गुजरात, ओडिशा, आंध्रप्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, विदर्भ, मराठवाड़ा, बिहार और झारखंड में अधिक हीट वेव वाले दिन होने का पूर्वानुमान है। कुछ स्थानों पर 20 से अधिक हीट वेव वाले दिन दर्ज किए जा सकते हैं। भीषण गर्मी से विद्युत ग्रिड पर दबाव पड़ सकता है और परिणामस्वरूप भारत के कुछ हिस्सों में पानी की कमी हो सकती है।

 
तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा : आईएमडी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले 3 दिन में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। दिल्ली में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एवं प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि आने वाले दिनों में लू चलने की कोई संभावना नहीं है, लेकिन अगले 3 से 4 दिन में दिल्ली का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
 
श्रीवास्तव ने कहा कि नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी भारत के करीब पहुंचेगा, लेकिन इसका राजधानी पर कोई असर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इसलिए आने वाले सप्ताह में दिल्ली में आसमान साफ ​​रहेगा और बारिश का भी कोई पूर्वानुमान नहीं है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
Photo courtsey : India Meteorological Department
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें