• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. Why is there panic in BJP camp? Know from Mamta and Akhilesh
Last Updated :रायगंज/लखनऊ , सोमवार, 22 अप्रैल 2024 (21:09 IST)

भाजपा खेमे में घबराहट क्यों है? जानिए ममता और अखिलेश से

भाजपा खेमे में घबराहट क्यों है? जानिए ममता और अखिलेश से - Why is there panic in BJP camp? Know from Mamta and Akhilesh
Lok Sabha Elections 2024 News: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत पिछले सप्ताह हुए मतदान में अपनी हार को भांपने के बाद से घबराई हुई है। वहीं, अखिलेश यादव ने दावा किया कि सपा और इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में है। 
 
बनर्जी ने दावा किया कि देशभर से भाजपा खेमे का सफाया होने वाला है। उन्होंने रायगंज में एक रैली को संबोधित करते हुए उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि यह ऐसे समय में राज्य सरकार को बदनाम करने के लिए भाजपा की ‘पूर्व नियोजित चाल’ है, जब लोकसभा चुनाव हो रहे हैं। संदेशखाली में महिलाओं ने तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर यौन शोषण का आरोप लगाया है।
भाजपा को भय ने जकड़ा : बनर्जी ने कहा कि भय और घबराहट ने भाजपा को जकड़ लिया है। देश भर की लगभग 100 सीट पर पहले चरण के मतदान के बाद उन्हें हार का एहसास हो गया है। इसी वजह से वे बेतुके बयान दे रहे हैं। भगवा खेमे का सफाया अब कभी भी हो सकता है।
 
भाजपा ‘पीडीए’ से घबराई : दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा बहुत कमजोर स्थिति में है जबकि समाजवादी पार्टी एवं ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ बहुत मजबूत स्थिति में है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ‘पीडीए’ से घबराई हुई है। भाजपा ने पीडीए-पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यको सहित महिलाओं एवं आदिवासियों को भी धोखा दिया है। किसान त्रस्त है, नौजवान पस्त है। जनता ने इस बार भाजपा को राम-राम करके विदाई देने का मन बना लिया है।
 
जातीय जनगणना से भाजपा को परहेज : सपा द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक यादव ने यहां कहा कि पीडीए में सबका सम्मान और अधिकार सुरक्षित है जबकि भाजपा के ‘सबके साथ’ के नारे से समाज की गैरबराबरी समाप्त नहीं होने वाली है। उन्होंने कहा कि भाजपा में सबकी समानुपातिक भागीदारी कहां है? नौकरी में आरक्षण देने और जातीय जनगणना से भाजपा को परहेज है। जातीय जनगणना से सामाजिक न्याय का रास्ता खुलता है।
 
यादव ने कहा कि महंगाई कम नहीं हो रही है, चुनावी बॉन्ड वसूली का माध्यम है। उन्होंने कहा कि चुनावी बॉन्ड में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है तथा ईडी, सीबीआई, आईटी के जरिए डरा धमकाकर वसूली की गई। उन्होंने भाजपा अपराधियों का गोदाम करार देते हुए कहा कि उसका एजेंडा अमानवीय है तथा संसदीय व्यवस्था पर वह आघात कर रही है।
नौजवानों का भविष्य अंधकार में : उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 60 लाख से ज्यादा नौजवानों का भविष्य अंधकार में है तथा भाजपा सरकार में जो भर्तियां हुई उन सभी भर्तियों के पेपर जानबूझ कर लीक कराए गए ताकि नौजवानों को नौकरी न देना पड़े। यादव ने कहा कि भाजपा झूठ क्यों बोलती है। वादाखिलाफी उसके डीएनए में है। किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा था, वह वादा ही रह गया। नौजवानों को दो करोड़ नौकरियां देने का वादा था, वह वादा भी भाजपा नेता भूल गए। (भाषा/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala