• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Gadkari attacks Rahul Gandhi in Himachal Pradesh
Written By
Last Modified: निरमंद , बुधवार, 1 नवंबर 2017 (08:07 IST)

गडकरी बोले, कांग्रेस भी नहीं समझती कि राहुल क्या कहते हैं...

गडकरी बोले, कांग्रेस भी नहीं समझती कि राहुल क्या कहते हैं... - Gadkari attacks Rahul Gandhi in Himachal Pradesh
निरमंद। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं के लिए भी यह समझ पाना कठिन हो जाता है कि उनके पार्टी उपाध्यक्ष क्या कह रहे हैं।
 
नौ नवंबर को राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले गडकरी भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार के सिलसिले में हिमाचल प्रदेश में हैं। अपने भाषण में उन्होंने भ्रष्टाचार और गरीबी दूर करने में नाकामी के लिए नेहरू-गांधी परिवार पर भी हमला बोला।
 
सड़क परिवहन, जहाजरानी और जल संसाधन मंत्री ने आरोप लगाया कि गांधी-नेहरू परिवार ने पार्टी नेताओं और उनके परिवारों की गरीबी दूर की।
 
राजनीति में परिवारवाद को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए गडकरी ने कहा, 'क्या हमें कोई ऐसा प्रधानमंत्री मिलने जा रहा है जो प्रधानमंत्री की संतान है। क्या कोई सांसद एक सांसद को जन्म देगा, एक विधायक एक अन्य विधायक को जन्म देगा?'
 
गडकरी ने झंडुता विधानसभा क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, 'कांग्रेस परिवारवाद को बढ़ावा देती है। जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और अब राहुल गांधी आगे हैं, तो पार्टी कार्यकर्ता क्या करेंगे?' उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश का भाग्य नहीं बदल सकती और भाजपा को हिमाचल प्रदेश में एक मौका मिलना चाहिए।
 
गडकरी ने एक अन्य चुनावी रैली में कहा कि यह चुनाव भाजपा और कांग्रेस के बीच नहीं है बल्कि लोगों के भविष्य के लिए है जिन्होंने कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के कारण परेशानी उठाई है।
 
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 'गरीबी हटाई जाएगी' नारे को दोहरा रहे हैं। यह नारा पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने दिया था और पूर्व प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी तथा राजीव गांधी के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी इसे जारी रखा।
 
उन्होंने कहा, 'हां, वे लोग गरीबी दूर करने में सफल रहे लेकिन वह आम लोगों की गरीबी नहीं, बल्कि कांग्रेस के सहयोगियों, परिवारों और नेताओं की गरीबी थी। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने देश के या राज्य के लोगों के बदले अपने परिवारों के विकास पर ध्यान दिया।
 
गडकरी ने राज्य के लोगों को वहनीय परिवहन सुविधाओं का वादा किया और कहा कि लागत कम करने के लिए बिजली से चलने वाली बसें, टैक्सियां, दोपहिया वाहन शुरू किए जाएंगे।
 
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश बिजली पैदा करता है जिसका उपयोग सार्वजनिक परिवहन के लिए किया जाएगा। यह सरकार राज्य में इलेक्ट्रिक बसें, टैक्सियां, दोपहिया वाहन शुरू करेगी। इससे पर्यावरण को भी लाभ होगा। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
न्यूयॉर्क में आतंकी हमला, क्या बोले ट्रंप...