शुक्रवार, 26 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Flood in Assam and Bihar, Red Alert in Keral
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , मंगलवार, 16 जुलाई 2019 (23:30 IST)

असम और बिहार में बाढ़ से भारी तबाही, 70 लाख लोग प्रभावित, 55 की मौत, केरल में 'रेड अलर्ट'

असम और बिहार में बाढ़ से भारी तबाही, 70 लाख लोग प्रभावित, 55 की मौत, केरल में 'रेड अलर्ट' - Flood in Assam and Bihar, Red Alert in Keral
नई दिल्ली। बिहार और असम में बाढ़ का कहर मंगलवार को जारी रहा और दोनों राज्यों में इसके कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 55 हो गई। इस बीच, उत्तर प्रदेश में भी वर्षाजनित हादसों में 14 लोगों की मौत हो गई। वहीं, केरल में बेहद भारी बारिश की भविष्यवाणी के बाद रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राज्य में बेहद भारी बारिश की संभावना जताई है।
 
बिहार में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की करीब 19 टीमों को तैनात किया गया है। केन्द्र ने राज्य सरकार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। राज्य में अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है और 16 जिलों में 25.71 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, नेपाल के जलक्षेत्रों में असामान्य मूसलाधार वर्षा और उसके बाद नदियों में बड़े पैमाने पर पानी छोड़े जाने के कारण बिहार में बाढ़ आई है। यहां एक लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। असम के 33 जिले भी बाढ़ की चपेट में हैं, जिनमें 17 लोगों की मौत हुई है और 45 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
 
 
देश के उत्तरी हिस्से में पंजाब और हरियाणा में भारी बारिश जारी है जबकि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार दूसरे दिन बूंदाबांदी हुई।
 
मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार केरल के छह जिलों में 24 घंटे के भीतर 204 मिलीमीटर तक बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। राज्य के इडुक्की, मलप्पुरम, वायनाड, कन्नूर, एर्नाकुलम और त्रिशूर जिलों में 18-20 जुलाई के दौरान बेहद भारी वर्षा होने की संभावना है।
 
असम में आई बाढ़ से काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में 150 से अधिक शिकार रोकथाम शिविर प्रभावित हुए हैं। हालांकि इस राष्ट्रीय उद्यान में शिकार पर लगाम लगाने के लिए अधिकारी 24 घंटे काम कर रहे हैं। कांजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थलों में शामिल है।

उत्तर प्रदेश में आंधी तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने जैसी घटनाओं में 14 लोगों की मौत हो गई है। प्राप्त सूचना के अनुसार जनपद उन्नाव एवं बलिया में आंधी-तूफान से एक-एक, बरेली, मुजफ्फरनगर व प्रतापगढ़ में अतिवृष्टि से एक-एक, शाहजहांपुर में आकाशीय बिजली से एक एवं मुरादाबाद में दो, अम्बेडकरनगर व प्रतापगढ़ में सर्पदंश से एक-एक, पीलीभीत में दो तथा प्रयागराज में नदी में डूबने से एक व आजमगढ़ में जंगली सुअर के हमले में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है।