मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. CM Bhagwant Mann dismissed Minister Vijay Singla
Written By
Last Updated : मंगलवार, 24 मई 2022 (15:19 IST)

कमीशनखोरी! CM भगवंत मान ने किया मंत्री विजय सिंगला को बर्खास्त, गिरफ्तार भी कराया

कमीशनखोरी! CM भगवंत मान ने किया मंत्री विजय सिंगला को बर्खास्त, गिरफ्तार भी कराया - CM Bhagwant Mann dismissed Minister Vijay Singla
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए अपने ही मंत्री विजय सिंगला को बर्खास्त कर दिया है। सिंगला पर एक ठेके में कमीशन मांगने का आरोप है।

इतना ही नहीं सीएम ने पंजाब पुलिस को सिंगला के खिलाफ केस दर्ज करने का भी निर्देश दिया है। इस बीच, एंटीकरप्शन विंग ने सिंगला को गिरफ्तार कर लिया है।  

जानकारी के मुताबिक पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला पर एक ठेके में एक फीसदी कमीशन मांगने का आरोप है। दरअसल, सिंगला के खिलाफ भ्रष्टाचार में लिप्त होने के पुख्ता सबूत मिलने के बाद सीएम मान ने उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने एक वीडियो संदेश में कहा कि मैं मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा हूं। मैं उन्हें मंत्रिमंडल से हटा रहा हूं। मान ने दावा किया कि सिंगला ने गलत काम करने की बात स्वीकार की है।

कौन हैं डॉ. विजय सिंगला : पंजाब विधानसभा चुनाव में मानसा से आम आदमी पार्टी के विधायक बने दांतों के डॉक्टर विजय सिंगला को मान सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था। सिंगला का लंबे समय से सिविल अस्पताल मानसा रोड पर सिंगला डेंटल क्लीनिक है। पत्नी अनीता सिंगला भी बीएएमएस हैं और बेटे चेतन ने भी चिकित्सा की पढ़ाई की है। डॉ. सिंगला ने कांग्रेस के प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला को 60 हजार से अधिक वोटों से हराया था।
 
डॉ. विजय सिंगला ने अपनी बीडीएस की पढ़ाई राजिंदर मेडिकल कॉलेज पटियाला से पूरी की थी। उनके पिता केशोराम गांव भुपाल कलां में एक छोटी-सी किराने की दुकान चलाते थे। करीब 10 वर्ष पहले ही सिंगला आप में शामिल हुए थे।