गुरुवार, 18 जुलाई 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Case of sinking of cargo ship near Oman coast
Last Modified: नई दिल्ली , गुरुवार, 18 जुलाई 2024 (19:56 IST)

Oman तट के पास पलटे तेल टैंकर से 8 भारतीय नाविक सुरक्षित, एक की मौत

Oman तट के पास पलटे तेल टैंकर से 8 भारतीय नाविक सुरक्षित, एक की मौत - Case of sinking of cargo ship near Oman coast
Case of sinking of cargo ship near Oman coast : ओमान तट के नजदीक हाल में डूब गए कोमोरोस के ध्वज वाले मालवाहक जहाज पर सवार भारतीय चालक दल के सदस्यों में से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। बचाव अभियान के दौरान भारतीय युद्धपोत आईएनएस तेग द्वारा 8 भारतीयों और श्रीलंका के एक नागरिक को सुरक्षित बचा लिया गया है।
 
अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। भारतीय नौसेना ने कल रात बताया था कि मालवाहक जहाज के चालक दल के सदस्यों का पता लगाने के लिए चलाए गए बचाव अभियान के दौरान भारतीय युद्धपोत आईएनएस तेग द्वारा आठ भारतीयों और श्रीलंका के एक नागरिक को सुरक्षित बचा लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जहाज 15 जुलाई को ओमान में रास मदराख से दक्षिण पूर्व में करीब 25 समुद्री मील दूर समुद्र में डूब गया था। उन्होंने बताया कि बचाव एवं तलाशी अभियान जारी है। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बताया कि एक भारतीय का शव बरामद किया गया है।
 
ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र (एमएससी) ने कहा कि मालवाहक पोत एमटी फाल्कन प्रेस्टीज पर सवार चालक दल के सदस्यों की संख्या 16 थी जिनमें 13 भारतीय और तीन श्रीलंकाई थे। सिंह ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि ओमान में हमारे राजदूत अमित नारंग से बात कर हालत का जायजा लिया। यह जानकर राहत मिली कि भारतीय युद्धपोत आईएनएस तेग द्वारा बचाए गए आठ भारतीय तट पर पहुंच गए हैं और उनकी देखभाल की जा रही है।
उन्होंने कहा, एक भारतीय का शव बरामद किया गया है। हम स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और सरकार हरसंभव सहायता कर रही है। राहत एवं बचाव अभियान में शामिल भारत और ओमान के सभी अधिकारियों का धन्यवाद। भारतीय नौसेना ने बताया कि मौसम की चुनौतीपूर्ण स्थिति में भारतीय और ओमान की नौसेना मिलकर तलाश एवं बचाव अभियान चला रही है क्योंकि तेज हवाएं चल रही हैं और समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
केरन में LoC पर 2 घुसपैठिए ढेर, सुंदरबनी में गोलीबारी और डोडा में ताबड़तोड़ आतंकी हमले