1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

नस्ली ईमेल मामले में ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त तलब

नस्ली ईमेल ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त तलब
ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के नस्ली ईमेल मामले में संलिप्तता पर अपनी नाराजगी जताते हुए भारत ने आज ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त पीटर वर्गीज को तलब किया और पूछा कि इस सिलसिले में उनकी सरकार ने क्या कदम उठाया है।

विदेश मंत्री एस एम कृष्णा ने मंत्रालय को निर्देश दिया कि वह वर्गीज से स्पष्टीकरण माँगे। ऑस्ट्रेलिया में विक्टोरिया प्रांत के पुलिस अधिकारियों ने ईमेल के जरिये भारतीयों के खिलाफ नस्ली टिप्पणी की। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने इन टिप्पणियों को सार्वजनिक किया है।

विक्टोरिया पुलिस अधिकारियों को नस्ली ईमेल मामले में पकड़ा गया था। इन पुलिस अधिकारियों ने एक भारतीय रेल यात्री की बिजली का करंट लगने से हुई मौत का यह कहकर मजाक बनाया कि मेलबर्न में भारतीय छात्रों की समस्या से निपटने का यह एक तरीका है।

सूत्रों के अनुसार वर्गीज से पूछा गया है कि यह मामला प्रकाश में आने के बाद क्या कार्रवाई की गई। (भाषा)