शनिवार, 28 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. मिजोरम विधानसभा चुनाव 2023
  4. Priyanka, Jairam Ramesh and Shashi Tharoor to campaign for Congress candidates in Mizoram
Written By
Last Updated :आइजोल , बुधवार, 25 अक्टूबर 2023 (15:54 IST)

मिजोरम में कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे प्रियंका, जयराम रमेश और शशि थरूर

Priyanka Gandhi
Mizoram Assembly Elections: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, प्रियंका गांधी वाद्रा (Priyanka Gandhi Vadra) और शशि थरूर मिजोरम (Mizoram) में 7 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के प्रचार अभियान में शिरकत करने के लिए राज्य का दौरा कर सकते हैं। पार्टी के एक नेता ने बुधवार को यह जानकारी दी।
 
मिजोरम कांग्रेस के मीडिया प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लालरेमरूता रेंथली ने बताया कि प्रियंका गांधी और शशि थरूर के 3 और 4 नवंबर को पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार के वास्ते मिजोरम आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रियंका राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में भाषायी अल्पसंख्यक क्षेत्रों में प्रचार कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि रमेश के गुरुवार को आइजोल पहुंचने की उम्मीद है।
 
रेंथली ने कहा कि रमेश पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे, एक संवाददाता सम्मेलन को तथा सार्वजनिक सभाओं को भी संबोधित करेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 16 और 17 अक्टूबर को मिजोरम की अपनी यात्रा के दौरान आइजोल और दक्षिण मिजोरम के लुंगलेई शहर में कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया था।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रमुख जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित शीर्ष पार्टी नेताओं के भी मिजोरम का दौरा करने की संभावना है। भाजपा सूत्रों ने कहा कि मोदी के 30 अक्टूबर को पश्चिम मिजोरम के मामित शहर का दौरा करने और पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने की संभावना है।
 
हाल ही में मिजोरम विधानसभा के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने और मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले लालरिनलियाना सेलो मामित सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। 40 सदस्यीय मिजोरम विधानसभा के लिए चुनाव 7 नवंबर को होंगे और मतों की गिनती 3 दिसंबर को होगी। 16 महिलाओं सहित कुल 174 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
 
सत्तारूढ़ एमएनएफ, मुख्य विपक्षी दल जोराम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और कांग्रेस ने सभी 40 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनावों में 39 सीटों पर चुनाव लड़ चुकी भाजपा इस बार 23 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और आम आदमी पार्टी (आप) ने मिजोरम में अपने चुनावी पदार्पण के तौर पर 4 उम्मीदवार उतारे हैं। राज्य में 4,38,925 महिला मतदाताओं सहित कुल 8,56,868 मतदाता आगामी विधानसभा चुनावों में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
प्रियंका गांधी ने साधा मोदी पर निशाना, कहा- सरकार की घोषणाएं खोखली