शुक्रवार, 27 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Chinese Foreign Minister Wang Yi will visit India
Last Updated :नई दिल्ली , बुधवार, 13 अगस्त 2025 (20:08 IST)

भारत आएंगे चीन के विदेश मंत्री वांग यी, NSA डोभाल से भी मिलेंगे, क्या हो सकता है बातचीत का मुद्दा

Foreign Minister Wang Yi
चीन के विदेश मंत्री वांग यी सीमा मुद्दे पर विशेष प्रतिनिधि तंत्र के तहत राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल के साथ वार्ता करने के लिए सोमवार को भारत आएंगे। शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चीनी शहर तियानजिन की प्रस्तावित यात्रा से कुछ दिन पहले वांग भारत आ रहे हैं। सूत्रों ने बुधवार को बताया कि चीन के विदेश मंत्री मुख्य रूप से सीमा मुद्दे पर विशेष प्रतिनिधियों (एसआर) के अगले दौर की वार्ता के लिए भारत आ रहे हैं। वांग और डोभाल सीमा मुद्दे पर वार्ता के लिए विशेष प्रतिनिधि (एसआर) नामित हैं।
पिछले साल चीन गए थे डोभाल
डोभाल ने पिछले साल दिसंबर में चीन की यात्रा की थी और वांग के साथ विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता की थी। यह वार्ता मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा रूसी शहर कजान में एक बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच विभिन्न वार्ता तंत्रों को बहाल करने के निर्णय के कुछ सप्ताह बाद हुई थी।
क्या सीमा विवाद पर होगी बात 
वांग और डोभाल दोनों देशों के विशेष प्रतिनिधि हैं जो सीमा विवाद से संबंधित वार्ता का नेतृत्व करते हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब भारत और चीन ने हाल के महीनों में अपने संबंधों को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं। पिछले वर्ष भारत और चीन लद्दाख में गतिरोध के आंशिक समाधान के लिए एक समझौते पर पहुंचे थे। इस साल की शुरुआत में चीन ने कैलाश-मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू कर दी और भारत ने चीनी पर्यटकों को वीजा देना फिर से शुरू कर दिया।  Edited by : Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
दिल्ली-एनसीआर में सड़कों से कुत्ते हटाने के आदेश के खिलाफ नोएडा में विरोध प्रदर्शन