1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. महाराष्ट्र
  4. 7 nominated MLCs takes oath before announcement of maharashtra assembly elections

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले 7 विधान पार्षदों की नियुक्ति

maharashtra assembly elections
मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की घोषणा से कुछ घंटे पहले, राज्यपाल द्वारा नियुक्त 7 विधान पार्षदों ने मंगलवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
 
सात नए विधान पार्षदों में से तीन को भाजपा ने मनोनीत किया था, जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दो-दो सदस्य हैं। राज्यपाल 6 साल के कार्यकाल के लिए 12 प्रत्याशियों को विधान पार्षद के रूप में नियुक्त कर सकते हैं और इन्हें समाज के विभिन्न वर्गों से नियुक्त किया जाता है।
 
12 में से 7 नामों पर सहमति : सोमवार को, राज्य मंत्रिमंडल ने 12 में से 7 नामों पर सहमति दे दी थी और राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से भी स्वीकृति मिल गई थी। उनकी मंजूरी के साथ, राज्य सरकार ने विधान भवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया। शेष पांच पद अभी खाली हैं। शिंदे ने पूर्व सांसद हेमंत पाटिल और पूर्व विधान पार्षद मनीषा कायंदे को फिर से नियुक्त किया, जबकि भाजपा ने धर्मगुरु बाबूसिंह महाराज राठौड़, चित्रा वाघ और विक्रांत पाटिल को चुना।
 
भाजपा महिला शाखा की अध्यक्ष हैं चित्रा वाघ : राठौड़ गोर बंजारा समुदाय के एक प्रमुख संगठन पोहरादेवी संस्थान के प्रमुख हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुछ सप्ताह पहले इसी मंदिर का दौरा किया था। वाघ भाजपा की महिला शाखा की प्रदेश अध्यक्ष हैं और विक्रांत पाटिल प्रदेश इकाई के महासचिव हैं।

अविभाजित राकांपा से करीब दो दशक तक जुड़ी रहीं वाघ ने 2016 में अपने पति के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना किया था। वह 2019 में राज्य विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गईं। मई 2023 में बंबई उच्च न्यायालय ने उनके पति को रिश्वत के आरोपों से बरी कर दिया।
 
राकांपा ने कैबिनेट मंत्री छगन भुजबल के बेटे पंकज भुजबल और सांगली, मिराज कुपवाड़ महानगर पालिक के पूर्व महापौर इद्रीस नायकवाड़ी को चुना। इससे पहले दिन में राज्य सरकार ने बंबई उच्च न्यायालय को सूचित किया कि 7 विधान पार्षदों की नियुक्ति में कोई बाधा नहीं है। महाराष्ट्र विधान परिषद में कुल 78 सीट हैं। (भाषा/वेबदुनिया)
 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
भारत को 31 प्रीडेटर ड्रोन देगा अमेरिका, हंटर-किलर ड्रोन्स से कैसे मजबूत होगी सेना?