• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. water of kshipra will soon be purified ghats will be built on both the banks-and-boats will run chief minister dr yadav
Written By
Last Updated :उज्जैन , सोमवार, 17 फ़रवरी 2025 (10:49 IST)

CM मोहन यादव का ऐलान, शिप्रा का पानी शीघ्र होगा शुद्ध, दोनों किनारों पर बनेंगे घाट और चलेंगी नाव

CM मोहन यादव का ऐलान, शिप्रा का पानी शीघ्र होगा शुद्ध, दोनों किनारों पर बनेंगे घाट और चलेंगी नाव - water of kshipra will soon be purified ghats will be built on both the banks-and-boats will run chief minister dr yadav
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि क्षिप्रा नदी को निर्मल और अविरल बनाने के लिए निरंतर कार्य चल रहा है, शीघ्र ही क्षिप्रा का जल पूर्ण रूप से शुद्ध होगा। सभी देव-स्थानों के पास क्षिप्रा के दोनों किनारों पर घाट बनाए जाएंगे, जहां श्रद्धालु सुगमता से स्नान कर सकें।
 
डॉ. यादव ने इन्दौर रोड शनि मंदिर त्रिवेणी के समीप मोती नगर क्षेत्र में हेरिटेज थीम पर नव निर्मित जी प्लस वन सामुदायिक भवन के साथ-साथ 22 करोड़ 72 लाख रूपये के विभिन्न विकास कार्यों के भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घाट को रामघाट की तरह ही विकसित किया जाएगा। 
 
इसके साथ ही क्षिप्रा में नाव भी चलाई जाएंगी, जिनसे श्रद्धालु देव-स्थानों तक जा सकेंगे। उज्जैन, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर जैसे बड़े शहरों के आसपास के नगरों को मिलाकर विकास का कंपोजिट प्लान बनाया जाएगा, जो आने वाले 50 वर्षों को दृष्टिगत रखते हुए तैयार किया जाएगा। कार्यक्रम में महापौर मुकेश टटवाल, विधायक उज्जैन उत्तर अनिल जैन कालूहेड़ा और संजय अग्रवाल मौजूद थे।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोती नगर के निवासियों को सामुदायिक भवन के रूप में बडी सौगात मिली है। इससे मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन में गरीब परिवारों को अत्यंत सुविधा मिलेगी। उनके जीवन में आनंद के अविस्मरणीय पल आऐंगे। म.प्र. सरकार द्वारा हर वर्ग के जीवन में बेहतरी और सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया जा रहा है। यह हम सब का सौभाग्य है कि हमारा जन्म उज्जैन में हुआ।
 
डॉ. यादव ने कहा कि इस भवन के आस-पास रेती घाट स्थित है। वहां की आवासीय बस्ती में कच्चे मकानों के स्थान पर पक्के मकानों के निर्माण के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा कार्य योजना बनाई जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना में पक्के घर बनाकर दिए जाऐंगे। शहर में सड़क चौड़ीकरण में जिनके मकान प्रभावित हुए हैं उन्हें ढाई-ढाई लाख रूपए का मुआवजा अलग से दिया जाएगा। हर पात्र हितग्राही को शासन की समस्त जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
 
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पेप्सिको कंपनी के द्वारा उज्जैन में सबसे बड़े प्लांट की स्थापना की जाएगी। आलू की खेती करने वाले किसानों से कंपनी द्वारा आलू की खरीदी की जाएगी। सरकार द्वारा गौ-पालन करने वालों को अनुदान दिया जाएगा। हर वह व्यक्ति गोपाल है, जो गाय पालता है और हर वह घर गोकुल है जहां गायों का पालन पोषण होता है। गौ-दुग्ध उत्पादन को बढावा दिया जाएगा। गाय और बकरी का दूध भी दुग्ध संघ के द्वारा क्रय किया जाएगा। अधिक दुग्ध उत्पादन पर सरकार के द्वारा बोनस दिया जाएगा।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व-रोजगार को बढावा देने के लिए कारखाने और लघु उद्योगों की स्थापना करने में सरकार सहायता करेगी। मप्र को देश के सबसे अच्छे राज्य के रूप में स्थापित करना हमारा संकल्प है। उज्जैन में तीव्र गति से विकास हो रहा है। उज्जैन, इंदौर और आस-पास के औद्योगिक क्षेत्र देवास, धार, शाजापुर, मक्सी-नागदा का विकास किया जा रहा है। उज्जैन में 5 फोरलेन मार्गों का कार्य चल रहा है।
 
कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री तथा उज्जैन के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव के द्वारा उज्जैन को निरंतर सौगातें दी जा रही है। मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता से निरंतर उज्जैन और समस्त प्रदेश का विकास हो रहा है। सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने कहा कि आज का क्षण हम सब के लिए अविस्मरणीय है। मुख्यमंत्री डॉ यादव के कुशल नेतृत्व में उज्जैन के स्वर्णिम विकास के लिए कार्य किया जा रहा है।
 
महापौर मुकेश टटवाल ने कहा कि इस सामुदायिक भवन की परिकल्पना मुख्यमंत्री डॉ यादव के द्वारा ही की गई थी और आज यह भवन पुर्ण रूप से बनकर तैयार हो चुका है। इससे आसपास के निवासियों को मांगलिक कार्यो के आयोजन में बहुत सुविधा होगी।
 
नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव जब पुर्व में उच्च शिक्षा मंत्री थे तब उनके द्वारा इस सामुदायिक भवन के निर्माण का भूमि-पूजन किया गया था। उनकी ही परिकल्पना ने आज मूर्त रूप लिया है।
 
डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के अंर्तगत 89 लाख रुपए की लागत से देवास रोड़ स्थित तरणताल परिसर में फूड कोर्ट की दुकानों के पुनर्निर्माण कार्य, 06 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत से पारस तालाब विकास कार्य, 2 करोड रुपए की लागत से विक्रम सरोवर तालाब विकास कार्य का भूमि-पूजन किया गया।
 
मुख्यमंत्री ने 4 करोड़ 83 लाख रुपए की लागत से दशहरा मैदान का विकास कार्य, 3 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से शनि मंदिर के समीप पब्लिक शेड निर्माण कार्य, 4 करोड़ 47 लाख रुपए की लागत से मोती नगर क्षेत्र में बने सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया।