मक्सी कांड में फफककर रो पड़े पिता, ASP से पूछा, मेरी क्या गलती थी, मैंने अपना बेटा खो दिया साहब
- मक्सी में बुधवार को पथराव और फायरिंग हुई थी
- मृतक युवक अमजद का निकला जनाजा
- परिजन ने रोते हुए एएसपी से किया सवाल
बता दें कि मक्सी में हुई हिंसा में एक व्यक्ति अमजद की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए थे। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
3 महीने की बेटी ने खोया बाप : परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतक की 3 महीने की बच्ची है। पूरे विवाद के बीच मक्सी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ अमजद का जनाजा निकला गया। इस दौरान एडीएम, एडिशनल एसपी, एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। प्रशासनिक अधिकारी द्वारा समाजजनों को समझाइश दी गई, तब जाकर जनाजा निकालने को तैयार हुए।
क्यों दर्ज नहीं की एफआईआर : दरअसल, मृतक के परिजनों का कहना है कि 24 सितंबर को हमने एसपी को ज्ञापन दिया था। उसी दिन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो जाती तो यह विवाद नहीं होता। अब पुलिस पथराव और गोलीबारी के बाद मामला दर्ज कर रही है।
बता दें कि मक्सी में हिंसा के बाद एहतियात के तौर पर स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए थे, पूरे शहर में धारा 144 लागू की गई और इस दौरान इंटरनेट भी बंद कर दिया गया था।
क्या हुआ था उस रात : मध्य प्रदेश के शाजापुर ज़िले के मक्सी कस्बे में बुधवार रात दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, 7 अन्य लोग घायल हो गए थे। यह घटना सोमवार को हुई एक मारपीट की घटना के बाद बढ़ते तनाव के कारण हुई, जिसके बाद बुधवार रात दोनों गुटों के बीच पथराव और फायरिंग हुई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और चार थानों की पुलिस बल तैनात किए थे। एमपी के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर दुख व्यक्त कर कार्रवाई के आदेश दिए थे।
Edited By: Navin Rangiyal
