• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023
  4. Poll Of Polls Results 2023 Exit poll
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , शुक्रवार, 15 दिसंबर 2023 (19:10 IST)

Poll Of Polls : क्या कहता है 5 राज्यों का पोल ऑफ पोल्स, किस पार्टी की बन सकती है सरकार

Poll Of Polls : क्या कहता है 5 राज्यों का पोल ऑफ पोल्स, किस पार्टी की बन सकती है सरकार - Poll Of Polls Results 2023 Exit poll
Poll Of Polls Results 2023 : मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम विधानसभा चुनाव के बाद अब मतगणना में 48 घंटों से भी कम समय बचा है। इससे पहले सर्वे एजेंसियों ने एग्जिट पोल किया है। इसके आंकड़े हैरान करने वाले हैं। देश के 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए मतदान के बाद आए ज्यादातर एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) में राजस्थान और मध्यप्रदेश में भाजपा को बढ़त मिलने का अनुमान लगाया गया है, वहीं तेलंगाना तथा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के आगे रहने की संभावना जताई गई है। 
 
विभिन्न एजेंसियां के एग्जिट पोल्स से निकले पोल ऑफ एग्जिट के मुताबिक मध्यप्रदेश में भाजपा को 124, कांग्रेस को 102 और अन्य को 4 सीटें मिल सकती हैं, वहीं राजस्थान की बात करें तो भाजपा को 104, कांग्रेस को 84 और अन्य को 10 सीटें मिल सकती हैं। छत्तीसगढ़ में भाजपा को 38, कांग्रेस को 49 और अन्य को 3 सीटें मिल सकती हैं।

राजस्थान में भाजपा को बढ़त : इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया, टुडेज चाणक्य और इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने मध्य प्रदेश में भाजपा की बड़ी जीत की भविष्यवाणी की है। जबकि ज्यादातर एग्जिट पोल में राजस्थान में कांटे की टक्कर के साथ भाजपा को बढ़त मिलने का अनुमान जताया गया है। वही, तीन एग्जिट पोल ने अपनी ऊपरी सीमा में इस रेगिस्तानी राज्य में कांग्रेस की जीत का अनुमान लगाया गया है।

मिजोरम में त्रिशंकु : एग्जिट पोल से यह भी संकेत मिल रहा है कि मिजोरम में त्रिशंकु विधानसभा हो क्योंकि जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के बीच कांटे की टक्कर हुई है। पूर्वोत्तर के इस राज्य में कांग्रेस और भाजपा को पीछे दिखाया गया।

किस राज्य में कौनसी सरकार : मध्यप्रदेश (230 सीटें) में भाजपा सत्ता में है, जबकि कांग्रेस राजस्थान (200) और छत्तीसगढ़ (90) में सत्ता में है। तेलंगाना में के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) 10 साल से सत्ता में है और मिजोरम में एमएनएफ सरकार में है।

क्या कहते हैं मध्यप्रदेश के आंकड़े : मध्यप्रदेश में दैनिक भास्कर ने भाजपा को 95-115 सीटें और कांग्रेस को 105-120 सीटें मिलने का अनुमान जताया है, जबकि इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने भाजपा को 140 से 162 सीटें और कांग्रेस को 68-90 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। इंडिया टीवी सीएनएक्स ने भी भाजपा को 140 से 159 सीटें और कांग्रेस को 70 से 89 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।
 
टुडेज चाणक्य ने अनुमान जताया है कि भाजपा को 151 (इस आंकड़े से 12 सीटें कम या ज्यादा) और कांग्रेस को 74 (इस आंकड़े से 12 सीटें कम या ज्यादा) मिल सकती हैं।
 
'जन की बात' के एग्जिट पोल में भाजपा को 100-123 सीटें, कांग्रेस को 102-125 सीटें, रिपब्लिक टीवी-मैट्रीज ने भाजपा को 118-130 सीटें और कांग्रेस को 97-107 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।
 
टीवी9 भारतवर्ष पोलस्ट्रेट के एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा को 106-116 और कांग्रेस को 111-121 सीटें मिल सकती हैं। टाइम्स नाउ-ईटीजी ने भाजपा को 105-117 सीटें और कांग्रेस को 109-125 सीटें दी हैं।
 
जिस्ट-टीआईएफ-एनएआई ने कहा कि कांग्रेस मध्य प्रदेश में 2018 जैसी बढ़त लेती दिख रही है। उसके मुताबिक कांग्रेस 107-124 सीटें जीत सकती है जबकि भाजपा को 102-119 सीटें मिल सकती हैं।

राजस्थान में कांटे का मुकाबला : राजस्थान में, इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने कांटे के मुकाबले की बात कहते हुए कांग्रेस को 86-106 सीटें, भाजपा को 80-100 सीटें और अन्य को 9-18 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।
 
दैनिक भास्कर ने भाजपा को 98-105 सीटें और कांग्रेस को 85-95 सीटें दी हैं, वहीं जन की बात के सर्वेक्षणकर्ताओं ने भाजपा को 100-122 और कांग्रेस को 62-85 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।
 
टीवी9 भारतवर्ष-पोलस्ट्रेट ने भाजपा को 100-110 और कांग्रेस को 90-100 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। टाइम्स नाउ ईटीजी के एग्जिट पोल में राजस्थान में भाजपा को 108-128 सीटें और कांग्रेस को 56-72 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।
 
टुडेज चाणक्य ने कांग्रेस को साधारण बहुमत देते हुए कहा कि उसे भाजपा के 89 के मुकाबले 101 सीटें मिलेंगी।
 
इंडिया टीवी-सीएनएक्स ने 200 सदस्यीय सदन में कांग्रेस को 94 से 104 और भाजपा को 80-90 सीटें मिलने का अनुमान जताया है, वहीं रिपब्लिक टीवी-मैट्रिज ने भाजपा को 115-130 सीटें और कांग्रेस को 65-75 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।