मंगलवार, 9 जुलाई 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2023
  2. विधानसभा चुनाव 2023
  3. मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023
  4. Kailash Vijayvargiya big statement in Madhya Pradesh assembly elections
Written By Author विकास सिंह
Last Modified: शुक्रवार, 5 मई 2023 (16:57 IST)

गलतियां ठीक नहीं हुई तो भाजपा ही भाजपा को हरा देगी, कैलाश विजयवर्गीय की दो टूक, कहा संगठन में कमियां

गलतियां ठीक नहीं हुई तो भाजपा ही भाजपा को हरा देगी, कैलाश विजयवर्गीय की दो टूक, कहा संगठन में कमियां - Kailash Vijayvargiya big statement in Madhya Pradesh assembly elections
Madhya Pradesh Political News:भाजपा ही भाजपा को हरा सकती है,यह कहना है भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और मध्यप्रदेश की सियासत के दिग्गज नेता कैलाश विजवर्गीय (kailash vijayvargiya) का। इंदौर में गुरुवार को एक मीडिया चैनल के कार्यक्रम में बोलते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि  मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को कांग्रेस नहीं हरा सकती है। अगर हमने संगठन की गलतियां ठीक नहीं की तो भाजपा ही भाजपा को हरा सकती है। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह सही है कि कुछ कमियां है और हमको उसको ठीक कर रहे है। हमारी ताकत इतनी है कि कांग्रेस हमको हरा नहीं सकती है।
 
कैलाश विजयवर्गीय का यह बयान ऐसे समय सामने आय़ा है जब सूबे की सिसायत में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सरकार और संगठन से नाराज चल रहे इन नेताओं का साफ कहना है कि उनकी पार्टी में कोई पूछ परख नहीं है।

मालवा के नाराज नेताओं को मनाएंगे कैलाश विजयवर्गीय?-2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मालवा में खासा नुकसान उठाना पड़ा था और वह 15 साल बाद सत्ता से बाहर हो गई थी। चुनाव में भाजपा की हार का बड़ा कारण पार्टी के नेताओं की नाराजगी थी और इसके चलते चुनाव में पार्टी के उम्मीदवारों को भितराघात का सामना करना पड़ा था।

वहीं पांच साल बाद फिर चुनाव से ठीक पहले मालवा से आने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इनमें पूर्व मंत्री दीपक जोशी, सत्य नारायण सत्तन और भंवर सिंह शेखावत का नाम सबसे प्रमुख है। ऐसे में जब चुनावी साल में पार्टी ने कैलाश विजयवर्गीय को मालवा-निमाड़ की जिम्मेदारी सौंपी है, तो अब कैलाश विजयवर्गीय के कंधों पर इन नाराज नेताओं को मनाने के साथ डैमेज कंट्रोल की पूरी जिम्मेदारी होगी।  

शनिवार को (6 मई) को कांग्रेस में शामिल होने का एलान कर चुके पूर्व मंत्री दीपक जोशी पार्टी संगठन की उपेक्षा से दुखी होकर पार्टी छोड़ने का एलान किया है। दीपक जोशी ने आरोप लगाया है कि पार्टी में पुराने कार्यकर्ताओं की कोई पूछ परख नहीं है। दीपक जोशी की पार्टी से नाराजगी की मुख्य वजह चुनावी उम्मीदवारी है। देवास की हाटपिपलिया सीट से तीन बार भाजपा के विधायक रह चुके दीपक जोशी को 2018 के विधानसभा चुनाव में दीपक जोशी को कांग्रेस उम्मीदवार रहे मनोज चौधरी से हार का सामना करना पड़ा था,वहीं 2020 के उपचुनाव में भाजपा के टिकट पर मनोज चौधरी हाटपिपलिया से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े और जीते। ऐसे में अब इस बार विधानसभा चुनाव में भी भाजपा मनोज चौधरी को टिकट देने की तैयारी में है,ऐसे में दीपक जोशी जो खुद हाटपिपलिया से टिकट की दावेदारी कर रहे है उनका अपना राजनीतिक वजूद संकट में दिखाई दे रहा है।

वहीं धार से आने वाले भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व विधायक भंवर सिंह शेखावत की नाराजगी भी खुलकर सामने आ गई है। धार के बदनावर से भाजपा के विधायक रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता भंवर सिंह शेखावत ने साफ कह दिया है कि अगर पार्टी में उनकी नहीं सुनी गई तो वह पार्टी छोड़ सकते है। भंवर सिंह शेखावत ने अपनी बात मुख्यमंत्री के सामने रखने की बात करते हुए कहा कि वह बदनावर से चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसके साथ अगर पार्टी कहेगी तो वह किसी अन्य सीट से भी चुनाव लड़ने को तैयार है लेकिन अगर टिकट नहीं मिला तो वह अन्य विकल्पों पर विचार करेंगे।

भंवर सिंह शेखावत की नाराजगी की मुख्य वजह कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए राजवर्धन सिंह दत्तीगांव है। शिवराज सरकार में कैबिनेट मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव वर्तमान में बदनावर सीट से भाजपा विधायक है और विधानसभा चुनाव में दत्तीगांव का फिर भाजपा के टिकट पर  चुनाव लड़ना तय है।
ये भी पढ़ें
फ्रांस दौरे पर जाएंगे PM मोदी, 'बेस्टाइल डे परेड' में होंगे शामिल